Azamgarh News: आजमगढ़ में नौकरी के नाम पर 20.39 लाख की ठगी, पुलिस ने 6 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम आदमपुर निवासी रामप्रसाद चौहान ने अपने दो बेरोजगार पुत्रों को नौकरी दिलाने के नाम पर 20,39,000 रुपये की ठगी किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस संबंध में पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश को प्रार्थना पत्र भेजकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित ने बताया कि रोजगार की तलाश के दौरान उनकी मुलाकात सुमित कुमार (चक हपसापुर, थाना भीमपुरा, बलिया) से हुई। सुमित ने उन्हें रोशन कुमार, नीलेश कुमार (दोहरीघाट, मऊ) और आदित्य सिंह से मिलवाया। आरोप है कि सभी ने मिलकर उनके पुत्र अभय और रोशन चौहान को नौकरी दिलाने का झांसा देकर नकद और ऑनलाइन माध्यम से रकम वसूल की।
पीड़ित के अनुसार, देवरिया में 8 लाख रुपये नकद दिए गए। इसके अलावा यूनियन बैंक और एक्सिस बैंक के खातों से फोनपे के माध्यम से सुष्मिता कुमारी और सुनील कुमार खरवार के खातों में विभिन्न तिथियों पर 12,39,000 रुपये से अधिक ट्रांसफर किए गए। कुल मिलाकर आरोपियों ने 20,39,000 रुपये ले लिए।
रामप्रसाद ने बताया कि भरोसा दिलाने के लिए 11 जुलाई 2025 को अभय चौहान के खाते में 21,500 रुपये तनख्वाह के रूप में NEFT के जरिए भेजे गए, ताकि नौकरी का विश्वास कायम रहे। लंबे समय तक नियुक्ति न मिलने पर जब उन्होंने रकम वापस मांगी, तो आरोपितों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी।
रामप्रसाद का आरोप है कि यह एक संगठित गिरोह है, जो भोले-भाले लोगों को नौकरी का झांसा देकर ठगी करता है। उन्होंने मामले की रिपोर्ट पुलिस को दी और आरोपियों की गिरफ्तारी एवं धनवापसी की मांग की है।
मुबारकपुर पुलिस ने सुमित कुमार, रोशन कुमार, नीलेश कुमार, आदित्य सिंह, सुष्मिता कुमारी और सुनील कुमार खरवार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button