Azamgarh News: आजमगढ़ दीवानी कचहरी में बम की सूचना से हड़कंप, परिसर खाली कराकर शुरू हुई सघन जांच

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़। सोमवार को आजमगढ़ स्थित दीवानी कचहरी परिसर में बम होने की सूचना मिलने से अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे कचहरी परिसर को खाली करा लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सूचना मिलते ही अदालत परिसर में मौजूद वकीलों, वादकारियों तथा कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। अचानक हुई कार्रवाई से कुछ समय के लिए परिसर में दहशत और भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई, हालांकि पुलिस ने स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए कचहरी के मुख्य प्रवेश द्वारों को सील कर दिया गया तथा आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
सूचना के बाद बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम भी तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे परिसर में सघन जांच अभियान शुरू किया। टीम द्वारा अदालत कक्षों, रिकॉर्ड रूम, गलियारों तथा वाहन पार्किंग क्षेत्र की बारीकी से तलाशी ली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल जांच जारी है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। अधिकारियों ने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि सूचना वास्तविक थी या शरारती तत्वों द्वारा फैलायी गई अफवाह। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ जांच में जुटी हुई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button