Azamgarh News: श्री मानस महायज्ञ एवं श्रीराम कथा के नौवें दिन भक्ति रस में डूबे श्रद्धालु, राम-रावण युद्ध प्रसंग सुन भावविभोर हुआ जनसमूह

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ जनपद के आजमगढ़–बिलरियागंज मार्ग स्थित प्राचीन शिव मंदिर पटवध कौतुक के पावन प्रांगण में आयोजित नौ दिवसीय श्री मानस महायज्ञ एवं श्रीराम कथा के नौवें दिन श्रद्धा, आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रातः कालीन हवन पूजन में विद्वान आचार्य श्री कांत पांडे, राहुल पांडे अरुण तिवारी ने दो बजे तक हवन पूजन कराया,कथा स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण भक्ति रस में सराबोर हो उठा।
कथा मंच से मर्मज्ञ कथावाचक पंडित ललित गिरी महाराज ने अपने ओजस्वी एवं भावपूर्ण प्रवचन से श्रद्धालुओं को भक्ति मार्ग का गूढ़ संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संसार में भक्ति और भक्त चार प्रकार के होते हैं कोई भाव से, कोई कुभाव से, कोई समर्थ होकर तो कोई असमर्थ होकर भगवान की आराधना करता है। लेकिन भगवान भक्त के भाव और परिस्थितियों को देखकर उसी अनुरूप कृपा प्रदान करते हैं। सच्चे मन से की गई भक्ति कभी व्यर्थ नहीं जाती।
कथावाचक ने रामायण के राम-रावण युद्ध प्रसंग का अत्यंत मार्मिक वर्णन किया। भगवान श्रीराम की धर्म, सत्य और मर्यादा की विजय तथा अधर्म पर धर्म की जीत का संदेश सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कथा के दौरान जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा परिसर गूंजता रहा और भक्तों की आंखें श्रद्धा से नम हो गईं।
धार्मिक आयोजन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और हवन-पूजन से वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक बना रहा। श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर धर्म, सदाचार और मानव जीवन के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व भाजपा प्रत्याशी सतेन्द्र राय भी उपस्थित रहे और कथा का श्रवण कर आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
आयोजन समिति के सदस्यों ने कार्यक्रम के अन्त में आपस में गुलाल अबीर की होली खेली। आयोजकों ने बताया कि नौ दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में धार्मिक जागरूकता, नैतिक मूल्यों और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देना है।



