आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

शादी से इनकार के बाद किशोरी ने लगाई फांसी, परिवार में मचा कोहराम

आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के जगमलपुर गांव में शादी से इनकार के बाद एक 17 वर्षीय किशोरी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना से पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना बिलरियागंज क्षेत्र के ग्राम जगमलपुर निवासी सुमन देवी पत्नी मुलचंद राम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी 17 वर्षीय पुत्री खुशी कुमारी घर पर ही रहती थी। आरोप है कि पाती बुजुर्ग गांव निवासी शाकीब नामक युवक से उसकी बातचीत और मेलजोल था तथा दोनों के बीच शादी को लेकर बातचीत भी हुई थी।
बताया गया कि दिनांक 20 फरवरी 2026 को युवक शाकीब उनकी पुत्री को अपने साथ ले गया था। अगले दिन 21 फरवरी की भोर में युवक की माता खुशी कुमारी को वापस उसके घर छोड़ गई। परिजनों के अनुसार, जब लड़की की ओर से शादी की बात उठाई गई तो युवक और उसके परिवार द्वारा शादी से इनकार कर दिया गया, जिससे किशोरी काफी आहत और मानसिक रूप से परेशान हो गई। परिजनों का कहना है कि उसी दिन दोपहर करीब 1 बजे खुशी कुमारी ने अपने कमरे में साड़ी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष बिलरियागंज ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है, एफ आई आर दर्ज कर मामले में सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button