Azamgarh News: बंदी की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, परिजनों का हंगामा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारण का खुलासा

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़ जनपद मंडलीय कारागार में हत्या के मामले में निरुद्ध एक बंदी की रविवार देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए और जेल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार मुबारकपुर थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर गांव निवासी 36 वर्षीय उग्रसेन सिंह पिछले वर्ष दिसंबर माह से हत्या के एक मामले में जेल में बंद था। बताया जा रहा है कि वह अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ इस प्रकरण में निरुद्ध था। वहीं केशवपुर गांव निवासी नगीना सिंह और उनके तीन पुत्र भी इसी मामले में जेल में बंद बताए जा रहे हैं।
जेलर आनंद कुमार शुक्ला के अनुसार रविवार सुबह बंदी ने सामान्य रूप से भोजन किया था और उसकी तबीयत ठीक थी। शाम के समय अचानक उसकी हालत बिगड़ गई तथा ब्लड प्रेशर काफी नीचे चला गया। तत्काल उसे जेल अस्पताल में भर्ती कर प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और आक्रोश व्यक्त करते हुए जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। स्थिति तनावपूर्ण होने पर अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर मामला शांत कराया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button