Azamgarh News: होली व रमजान को लेकर प्रशासन सतर्क, पीस कमेटी की बैठक में कड़े निर्देश जारी

बरदह आजमगढ़

आगामी होली एवं रमजान पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बरदह थाना परिसर में प्रशासन द्वारा पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, दोनों समुदायों के धर्मगुरुओं, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों तथा डीजे संचालकों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया।
बैठक की अध्यक्षता मार्टिनगंज की एसडीएम दिव्या सिकरवार एवं बरदह थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने की। अधिकारियों ने होलिका दहन स्थलों, होली जुलूस के मार्गों तथा संवेदनशील स्थानों को लेकर विस्तार से चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। स्पष्ट किया गया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार का तनाव, अफवाह या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखने और सोशल मीडिया पर भ्रामक व भड़काऊ संदेशों से दूर रहने की अपील की। शराब पीकर वाहन चलाने, नशे की हालत में चौराहों पर हुड़दंग करने तथा बिना अनुमति जुलूस या रैली निकालने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
डीजे संचालकों को भी निर्धारित ध्वनि सीमा एवं समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। बिना अनुमति डीजे संचालन अथवा मानक से अधिक ध्वनि प्रसारण पाए जाने पर उपकरण जब्त करने की चेतावनी दी गई।
एसडीएम दिव्या सिकरवार ने कहा कि पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम पर्व के दौरान लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर निगरानी रखेगी। अधिकारियों ने अंत में कहा कि होली और रमजान दोनों ही प्रेम, सद्भाव और आस्था के प्रतीक हैं। क्षेत्र की शांति और गरिमा बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button