Azamgarh News: आभा कार्ड के जरिए डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था की ओर बढ़ रहा आजमगढ़

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

प्रत्येक नागरिक का डिजिटल स्वास्थ्य खाता बनाने पर स्वास्थ्य विभाग का विशेष जोर

आजमगढ़ जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक एवं डिजिटल प्रणाली से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए आयुष्मान भारत डिजिटल स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत आभा (आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट) कार्ड बनाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। यह जानकारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि आभा कार्ड प्रत्येक नागरिक की एक विशिष्ट डिजिटल स्वास्थ्य पहचान है, जिसके माध्यम से मरीज के उपचार से संबंधित सभी अभिलेख—जैसे जांच रिपोर्ट, चिकित्सकीय परामर्श, दवा विवरण तथा अस्पताल में हुए इलाज का पूरा रिकॉर्ड—सुरक्षित रूप से ऑनलाइन संरक्षित रहता है। इससे मरीजों को भविष्य में पुरानी पर्चियां और जांच रिपोर्ट साथ लेकर चलने की आवश्यकता नहीं होगी।
उन्होंने बताया कि मरीज की अनुमति के आधार पर चिकित्सक आभा संख्या के माध्यम से उसके पूर्व स्वास्थ्य विवरण देख सकते हैं, जिससे उपचार अधिक तेज, सटीक और प्रभावी ढंग से संभव हो पाता है। आभा कार्ड स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ाने के साथ ही समय और संसाधनों की बचत में भी सहायक सिद्ध हो रहा है।
डॉ. वर्मा ने बताया कि आभा कार्ड सभी नागरिकों के लिए बनाए जा रहे हैं। पांच वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों का पंजीकरण सामान्य प्रक्रिया के तहत किया जा रहा है, जबकि पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को डिजिटल टीकाकरण प्रणाली के माध्यम से स्वास्थ्य अभिलेखों से जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि जनपद आजमगढ़ में अब तक लगभग 27 लाख नागरिकों के आभा कार्ड बनाए जा चुके हैं तथा शत-प्रतिशत पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं अन्य स्वास्थ्य इकाइयों पर निरंतर अभियान चलाकर पंजीकरण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे शीघ्र अपना आभा कार्ड बनवाकर भारत सरकार की इस महत्वपूर्ण डिजिटल स्वास्थ्य पहल का लाभ उठाएं तथा अपने स्वास्थ्य अभिलेखों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button