Azamgarh News: जीएसटी चोरी मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार फर्जी ई-वे बिल व इनवॉइस के जरिए आयरन स्क्रैप परिवहन का मामला

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ जनपद के थाना कन्धरापुर पुलिस ने जीएसटी चोरी के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई राज्यकर विभाग की जांच के बाद दर्ज मुकदमे के क्रम में की गई।
पुलिस के अनुसार 3 सितंबर 2025 को राज्यकर सचल दल के सहायक आयुक्त (प्रभारी) अविनाश चन्द्र राय द्वारा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास जांच के दौरान दो वाहनों को रोका गया था। जांच में पाया गया कि अस्तित्वहीन व बोगस फर्मों के नाम पर फर्जी इनवॉइस एवं ई-वे बिल बनाकर आयरन स्क्रैप का परिवहन किया जा रहा था, जो जीएसटी अधिनियम-2017 के नियमों का उल्लंघन तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के अंतर्गत दंडनीय अपराध है।
मामले में विद्या ट्रेडर्स (रायपुर), अविराज ट्रेडिंग (शिमला) तथा मुनि जी ट्रांसपोर्ट कंपनी (पटना) की संलिप्तता सामने आई थी। इस संबंध में थाना कन्धरापुर पर मु0अ0सं0 285/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।
विवेचना के दौरान वांछित अभियुक्त वेदवीर पुत्र सेवक राम, निवासी महमदपुर अमिलईया थाना जहानागंज जनपद फर्रुखाबाद, उम्र करीब 33 वर्ष, को 27 फरवरी 2026 को प्रयागराज के हण्डिया टोल प्लाजा से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह संबंधित ट्रक चलाता था और विभिन्न राज्यों से माल लोड कर परिवहन करता था। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर जीएसटी टीम द्वारा वाहन पकड़े जाने के बाद से वह फरार चल रहा था। पुलिस ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में साक्ष्य प्राप्त हुए हैं तथा अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी टीम में व0उ0नि0 रमेश कुमार, हे0का0 ओमप्रकाश जायसवाल, का0 राहुल कुमार तथा का0 विनय कुमार यादव शामिल रहे।



