Azamgarh News:रिटायर लेफ्टिनेंट का भव्य स्वागत, 30 वर्ष की सैन्य सेवा पर उमड़ा जनसैलाब।
Azamgarh News:Grand welcome for retired Lieutenant, crowd gathered to mark his 30 years of military service.

अतरौलिया । रिटायर लेफ्टिनेंट का भव्य स्वागत, 30 वर्ष की सैन्य सेवा पर उमड़ा जनसैलाब।
स्थानीय क्षेत्र के गोरथानी गांव निवासी जितेंद्र कुमार सिंह के भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होकर घर लौटने पर सोमवार को पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। 30 वर्षों तक देश की सेवा करने के बाद जब वह जम्मू से अतरौलिया रोडवेज पहुंचे तो ग्रामीणों ने डीजे और फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।
जितेंद्र कुमार सिंह वर्ष 1996 में भारतीय सेना में सिपाही पद पर भर्ती हुए थे।

अपनी लगन, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के बल पर उन्होंने निरंतर प्रगति की और 26 जनवरी 2026 को सब हनी लेफ्टिनेंट पद पर चयनित हुए। फरवरी 2026 में वह इसी पद से सेवानिवृत्त हुए। एक सिपाही से लेफ्टिनेंट पद तक का उनका सफर क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है।
अतरौलिया रोडवेज से डीजे के साथ जुलूस निकाला गया, जो बाबा प्रथम देव स्थान पहुंचा। वहां दर्शन-पूजन के बाद काफिला उनके पैतृक गांव गोरथानी पहुंचा। घर पहुंचते ही परिजन और ग्रामीणों ने माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया। पत्नी प्रतिमा सिंह और माता लालती देवी ने आरती उतारकर उनका स्वागत किया।

इस भावुक क्षण में परिवारजनों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।इस अवसर पर जितेंद्र कुमार सिंह ने कहा, “आज घर पहुंचकर मुझे गर्व की अनुभूति हो रही है। एक सिपाही के रूप में भर्ती होकर लेफ्टिनेंट पद से सेवानिवृत्त होना मेरे लिए सम्मान की बात है। यह सब परिवार, गांव और समाज के सहयोग से संभव हुआ। देश सेवा के 30 वर्ष मेरे जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि हैं।”
युवा भाजपा नेता हर्षित सिंह ने कहा कि जितेंद्र सिंह ने देश सेवा में अपने जीवन के 30 वर्ष समर्पित किए हैं, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। वहीं प्रमोद सिंह गुड्डू ने बताया कि बचपन से ही जितेंद्र सिंह में देश सेवा का जज्बा था। उन्होंने कहा कि “जब यह सेना की तैयारी करते थे, तब हम लोग टार्च की रोशनी में इनके साथ अभ्यास करते थे। आज देश ने इन्हें पूरे सम्मान के साथ हमें वापस सौंपा है, इससे बड़ी खुशी और क्या हो सकती है।”
इस मौके पर विनय सिंह, सत्य प्रकाश सिंह, आशुतोष सिंह, अजीत सिंह, राजन सिंह, अखिलेश प्रताप सिंह, नरेंद्र सिंह, राम जियावान, महेंद्र प्रताप सिंह, सत्यवान सिंह, पूर्व प्रधान राणा सिंह, राजनाथ सिंह, संतोष सिंह, प्रेमनाथ सिंह, उपेंद्र सिंह, रघुनाथ सिंह, सृजन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




