Azamgarh News: रंगों में घुला अपनापन-दुर्गा शक्ति सेवा ट्रस्ट एवं आजमगढ़ आइकॉन का भव्य होली मिलन समारोह संपन्न

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ जनपद में रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और सांस्कृतिक एकता का सुंदर उदाहरण उस समय देखने को मिला जब दुर्गा शक्ति सेवा ट्रस्ट एवं Azamgarh Icon के तत्वाधान में 02 मार्च को भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। शहर स्थित मारवाड़ी धर्मशाला आजमगढ़ में आयोजित यह कार्यक्रम उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूजा सिंह ने की। समारोह में जिले की अनेक हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ा दी। इस अवसर पर संगीता तिवारी, विजय लक्ष्मी मिश्र, भारतीय जनता पार्टी की जिला अध्यक्ष डॉ. पूनम सिंह, हुनर संस्थान के सुनील विश्वकर्मा, महामंत्री समर सिंह तथा छात्र नेता अविनाश सिंह बंटी सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
समारोह का मुख्य आकर्षण सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। तुषार सिंह एवं उनकी टीम ने लाइव परफॉर्मेंस देकर पूरे माहौल को संगीतमय बना दिया। मधुर धुनों और होली गीतों पर उपस्थित लोग झूम उठे। वहीं प्रियंशु सोनार, संतोष और मनस्वी द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और कार्यक्रम में पारंपरिक होली उत्सव की झलक दिखाई दी।
संस्था की कोषाध्यक्ष प्रतिभा द्विवेदी, मंत्री अनीता सिंह, संगीता, अन्नू सिंह, रीना सिंह, किरण श्रीवास्तव, सुजाता, रीता, कुसुम जायसवाल, नीरज सिंह सहित संस्था के सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही। आयोजन के दौरान सभी लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर गले मिलते हुए होली की शुभकामनाएं दीं और समाज में प्रेम, सद्भाव एवं एकता बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम पूरे समय उत्साह, अपनत्व और पारिवारिक माहौल से भरा रहा। आयोजकों ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं बल्कि दिलों को जोड़ने और समाज में सकारात्मक ऊर्जा फैलाने का अवसर है।
इस भव्य होली मिलन समारोह ने यह साबित कर दिया कि जब समाज एक साथ उत्सव मनाता है तो रंग केवल चेहरे ही नहीं, बल्कि रिश्तों और दिलों को भी रंगीन बना देते हैं।



