Azamgarh News: होली पर्व से पहले स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारी पर सख्त निगरानी-सीएमओ का सीएचसी बरदह का औचक निरीक्षण

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़ जनपद में होली पर्व के दौरान जनपद में बेहतर एवं निर्बाध स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डॉ. एन. आर. वर्मा द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बरदह का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की आपातकालीन सेवाओं, दवा उपलब्धता, ड्यूटी व्यवस्था तथा मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं की गहन समीक्षा की गई।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने 24 घंटे संचालित इमरजेंसी सेवाओं का निरीक्षण करते हुए उपचार व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सक मरीजों का उपचार करते हुए मिले, वहीं फार्मासिस्ट द्वारा मरीजों को दवाओं का वितरण व्यवस्थित रूप से किया जाता पाया गया। सीएमओ ने ओपीडी में उपस्थित मरीजों से सीधे संवाद कर निःशुल्क दवा वितरण एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता के बारे में जानकारी भी ली।
निरीक्षण में अस्पताल की अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, लेकिन कुछ चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मियों की अनुपस्थिति पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अनुपस्थित कर्मचारियों को कार्यालय खुलने के बाद तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
ड्यूटी रोस्टर का शत-प्रतिशत पालन अनिवार्य
होली पर्व को देखते हुए सीएमओ ने जनपद के सभी अधीक्षक एवं प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की विशेष ड्यूटी लगाई गई है, वे अपने तैनाती स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। जिलाधिकारी को भेजे गए ड्यूटी रोस्टर का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्योहार के दौरान सभी अस्पतालों में 24×7 स्वास्थ्य सेवाएं सक्रिय रहेंगी तथा स्वच्छता, आपातकालीन उपचार और मानव संसाधनों की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध प्रशासनिक एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य सेवाएं शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि जनपद के सभी प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी बताया कि स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए भविष्य में भी औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button