Azamgarh News: रंग, उमंग और सौहार्द का संदेश लेकर संपन्न हुआ एस.पी. पटेल फाउंडेशन का होली मिलन समारोह

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़ जनपद के रोहुवार बैदौली में होली के पावन पर्व की खुशियों और सामाजिक सौहार्द के संदेश को लेकर एस.पी. पटेल फाउंडेशन द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह छत्रपति शिवाजी इंटर कॉलेज रोहुआर बैदौली के प्रांगण में बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर गले मिलते हुए प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश दिया।
समारोह में क्षेत्रीय विधायक डॉ. एच.एन. सिंह पटेल, कार्यक्रम संयोजक डॉ. रामविलास सिंह पटेल, राम सिंह पटेल (मास्टर साहब) सहित अनेक सम्मानित लोगों ने उपस्थित जनसमूह को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। पूरे परिसर में रंगों की खुशबू, हंसी-खुशी और अपनत्व का वातावरण देखने को मिला।
सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह का मुख्य आकर्षण रहा। मंच पर बिरहा गायक धर्मेंद्र सोलंकी और बिरहा गायिका खुशी यादव ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। फगुआ और जोगीरा की धुनों पर लोग झूम उठे और पूरा माहौल होली के पारंपरिक रंग में रंग गया। इस दौरान माननीय विधायक सगड़ी ने भी चौताल सुनाकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम का संचालन सत्य प्रकाश सिंह ने प्रभावशाली ढंग से किया। आयोजकों ने बताया कि समाज में प्रेम, समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम अपने लक्ष्य में पूरी तरह सफल रहा।
होली मिलन समारोह ने यह संदेश दिया कि रंगों का यह त्योहार केवल उत्सव नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने और समाज में सद्भाव बढ़ाने का माध्यम है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए प्रेम और एकता बनाए रखने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button