Azamgarh News: आजमगढ़ में जाली करेंसी गिरोह का भंडाफोड़, 8 आरोपी गिरफ्तार 1.19 लाख की नकली मुद्रा, लैपटॉप-प्रिंटर, पेपर कटर व कार सहित कई उपकरण बरामद

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ में जाली करेंसी गिरोह का भंडाफोड़, 8 आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़ जनपद के थाना रौनापार पुलिस ने जाली नोट बनाने और बाजार में चलाने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.19 लाख रुपये की जाली मुद्रा, नकली नोट छापने में प्रयुक्त लैपटॉप, प्रिंटर, पेपर कटर, A-4 पेपर, इंक की बोतलें, 7 मोबाइल फोन तथा एक कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर जनपद में अपराध नियंत्रण तथा जाली नोटों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन और क्षेत्राधिकारी सगड़ी के पर्यवेक्षण में शुक्रवार को थानाध्यक्ष रौनापार मंतोष सिंह पुलिस टीम के साथ होली पर्व के मद्देनजर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि टेकनपुर पुलिया के पास एक सफेद कार में कुछ लोग जाली नोटों का लेन-देन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दोपहर करीब 12:30 बजे मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में नितिन सिंह उर्फ भोला, ऋषिकेश सिंह उर्फ शनि, अभिषेक सिंह उर्फ कान्हा, आदित्य सिंह उर्फ चन्की, शिवम सिंह उर्फ विदुर निवासी ग्राम बरडीहा थाना रौनापार तथा मुन्ना पांडेय निवासी न्यू टीचर कॉलोनी चिल्लूपार थाना बड़हलगंज जनपद गोरखपुर शामिल हैं।
पुलिस पूछताछ और उनकी निशानदेही पर टीम ने आगे कार्रवाई करते हुए ग्राम जगदीशपुर थाना जीयनपुर से मनोज कुमार और रुद्र पांडेय को भी गिरफ्तार कर लिया। इन्हें जाली नोट बनाने में प्रयुक्त उपकरणों के साथ दोपहर करीब 2:30 बजे पकड़ा गया।
इस तरह चलाते थे नकली नोट
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह का सरगना मनीष मिश्रा निवासी बरडीहा थाना रौनापार है। उसके निर्देश पर सभी लोग लैपटॉप और प्रिंटर की मदद से A-4 साइज पेपर पर जाली नोट प्रिंट करते थे। इसके बाद पेपर कटर से उन्हें असली नोट के आकार में काटकर तैयार किया जाता था। आरोपी इन नकली नोटों को असली नोटों की गड्डियों के बीच रखकर बाजार, दुकानों और लेन-देन के दौरान लोगों को दे देते थे, जिससे सामान्य व्यक्ति आसानी से पहचान नहीं कर पाता था। इस तरीके से गिरोह बाजार में जाली करेंसी चलाकर अवैध रूप से आर्थिक लाभ कमा रहा था।
बरामद सामान
पुलिस ने आरोपियों के पास से 1.19 लाख रुपये की जाली मुद्रा, 29 A-4 पेपर पर छपे नकली नोट, दो पैकेट बंद और एक पैकेट खुला A-4 पेपर, कैनन कंपनी का प्रिंटर, HP कंपनी का लैपटॉप, की-बोर्ड-माउस, पेपर कटर, इंक की कई बोतलें, क्लिप बोर्ड, स्टील स्केल, डिस्क ड्राइव, डीवीडी/सीडी रिराइटेबल ड्राइव, 7 मोबाइल फोन तथा एक सफेद i-10 कार बरामद की है।
इस मामले में थाना रौनापार में मु0अ0सं0 48/26 धारा 178, 179, 180 और 181 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस गिरोह के फरार सरगना और अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।



