Azamgarh News: शक्तिपीठ माँ शीतला धाम हरसिंहपुर में श्रीराम कथा का भूमि पूजन संपन्न, 8 से 14 मार्च तक गूंजेगा रामनाम

सगड़ी/आजमगढ़।
(इन्द्रेश राना)
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के हरसिंहपुर गांव स्थित प्राचीन शक्तिपीठ माँ शीतला धाम पर आयोजित होने वाली भव्य श्रीराम कथा के लिए शुक्रवार, 8 मार्च 2026 को विधिवत भूमि पूजन का कार्यक्रम अत्यंत श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ प्राप्त किया। भूमि पूजन के साथ ही आगामी श्रीराम कथा महोत्सव का शुभारंभ भी हो गया।
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान पूरा धाम भक्ति और आस्था के वातावरण से सराबोर नजर आया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के जयकारों के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की। पंडितों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कथा स्थल का पूजन कर कार्यक्रम की सफलता के लिए मंगलकामना की गई।
आयोजकों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार आगामी 8 मार्च से 14 मार्च 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान विश्व विख्यात कथावाचक प्रेममूर्ति श्री प्रेम भूषण जी महाराज अपने मधुर और ओजस्वी वचनों से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम की कथा का रसपान कराएंगे। उनके प्रवचनों को सुनने के लिए क्षेत्र ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
भूमि पूजन कार्यक्रम में कथा के आयोजक प्रशांत सिंह रवि (पुत्र राजेश सिंह ‘कल्लू’) की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान शक्तिपीठ माँ शीतला धाम के पीठेश्वर श्री लीलाराम दास जी महाराज का भी आशीर्वाद प्राप्त हुआ। इनके अलावा धर्मेन्द्र सिंह, बालकरन यादव, कर्मवीर सिंह, सोनू सिंह, विनय सिंह ‘मामा’, अधिवक्ता अरुण सिंह, हेमंत मिश्रा, संदीप सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग कार्यक्रम की व्यवस्था और देखरेख में सक्रिय रूप से लगे रहे।
आयोजक प्रशांत सिंह रवि ने बताया कि वे अपने पूज्य बाबा स्वर्गीय पारस नाथ सिंह जी की स्मृति और उनकी पुण्यतिथि के अवसर पर पिछले कई वर्षों से श्रीराम कथा का आयोजन कराते आ रहे हैं। इस वर्ष भी उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भव्य कथा आयोजन की तैयारी की गई है। उन्होंने बताया कि इस बार देश के प्रसिद्ध कथावाचक प्रेममूर्ति श्री प्रेम भूषण जी महाराज के आगमन से कथा कार्यक्रम को विशेष स्वरूप मिलने जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि कथा के दौरान श्रद्धालुओं के बैठने, पेयजल, प्रसाद वितरण और अन्य सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की जा रही है ताकि दूर-दराज से आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आयोजकों का अनुमान है कि इस सात दिवसीय कथा में लाखों की संख्या में श्रद्धालु भाग लेकर भगवान श्रीराम की कथा का श्रवण करेंगे।
गौरतलब है कि 28 वर्षीय प्रशांत सिंह रवि पिछले कई वर्षों से क्षेत्र में सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेते रहे हैं। विभिन्न धार्मिक आयोजनों, जनसेवा और सामाजिक कार्यों के माध्यम से उन्होंने क्षेत्र के लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है। यही कारण है कि उनके द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में क्षेत्रवासियों का भरपूर सहयोग और उत्साह देखने को मिलता है।
श्रीराम कथा के इस भव्य आयोजन को लेकर हरसिंहपुर सहित आसपास के गांवों में काफी उत्साह का माहौल है। श्रद्धालु भगवान श्रीराम की कथा सुनने के लिए उत्सुक हैं और पूरे क्षेत्र में रामनाम की गूंज सुनाई देने लगी है। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से कथा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है।



