Azamgarh News: UPSC में आजमगढ़ का परचम: भाई-बहन समेत तीन होनहारों ने बढ़ाया जिले का मान, गांव-गांव में खुशी की लहर

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ जनपद में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सर्विसेज परीक्षा के परिणाम ने एक बार फिर आजमगढ़ का नाम रोशन कर दिया है। जिले के कई होनहार युवाओं ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर सफलता हासिल कर पूरे जनपद को गौरवान्वित किया है। खास बात यह रही कि बिलरियागंज क्षेत्र के एक ही परिवार के भाई-बहन ने एक साथ सफलता प्राप्त कर इतिहास रच दिया।
जनपद के बिलरियागंज ब्लॉक अंतर्गत ग्राम शान्तीपुर के मूल निवासी अधिवक्ता सूर्यप्रकाश उपाध्याय व शिक्षिका श्रीमती प्रतिभा उपाध्याय के पुत्र आदित्यहृदय उपाध्याय ने यूपीएससी परीक्षा में 154वीं रैंक प्राप्त की है, जबकि उनकी छोटी बहन आयुषी उपाध्याय ने 361वीं रैंक हासिल कर परिवार और जनपद का नाम रोशन किया है। एक ही घर से दो बच्चों की यह शानदार उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है।
आदित्यहृदय उपाध्याय इससे पहले भी यूपीएससी परीक्षा में चयनित होकर आईआरएस (असिस्टेंट कमिश्नर इनकम टैक्स) के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने रुड़की से बीटेक में गोल्ड मेडल प्राप्त किया है। वहीं उनकी बहन आयुषी उपाध्याय ने नेशनल लॉ कॉलेज से ग्रेजुएशन में गोल्ड मेडल हासिल किया है। आयुषी का यह दूसरा प्रयास था, जिसमें उन्होंने शानदार सफलता प्राप्त की।
इसी कड़ी में आजमगढ़ के कप्तानगंज क्षेत्र के च्योंता गांव निवासी प्रताप सिंह ने भी यूपीएससी सिविल सर्विसेज परीक्षा में 345वीं रैंक हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। चौथे प्रयास में मिली इस सफलता से उनके परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिणाम आने के बाद परिवार के लोगों ने मंदिर में माथा टेककर भगवान का आभार व्यक्त किया। प्रताप सिंह ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा चिल्ड्रेन कॉलेज से 10वीं और 12वीं तक प्राप्त की थी।
वहीं आजमगढ़ के मेंहनगर ब्लॉक के ग्राम गुरेहथा निवासी कुंवर राज सिंह ने भी यूपीएससी में फाइनल सिलेक्शन हासिल कर परिवार और जिले को गौरवान्वित किया है। वह गरुण होटल के निदेशक बिजेंद्र सिंह के पौत्र तथा राजीव सिंह के पुत्र हैं। उनकी सफलता की खबर मिलते ही परिजनों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
इन होनहार युवाओं की उपलब्धि से पूरे आजमगढ़ में उत्साह और गर्व का माहौल है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इनकी सफलता जिले के हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी। सभी ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



