Azamgarh News: जय श्रीराम के जयकारे के साथ निकली भव्य कलश शोभा यात्रा,आज से होगी रामकथा।

सगड़ी।
इन्द्रेश राना
सगड़ी तहसील में स्थित शीतला माता मंदिर हरसिंहपुर में आयोजित श्री रामकथा और ज्ञान यज्ञ के लिए शनिवार को जय श्री राम और मां भगवती शीतला के जयकारे के साथ गुजरपार के निकट प्रवाहित तमसा नदी के पवित्र जल से भरे 101 कलश को लेकर कन्याओं, क्षेत्र की सैकड़ो महिला और पुरुषों ने शोभायात्रा निकाली। श्रद्धालु दो किलोमीटर पैदल भ्रमण करते हुए शीतला धाम पहुंचे जहां कर्मकांडी ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रों द्वारा मंडप में कलश स्थापित कराया। सगड़ी तहसील के हरसिंहपुर गांव स्थित प्राचीन मां श्री शीतला धाम में सात मार्च से चौदह मार्च तक श्री रामकथा एवं ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया गया है। विख्यात कथावाचक पूज्य श्री प्रेमभूषण जी महाराज यज्ञ पर्यंत राम कथा ज्ञान अमृत का लोगों को पान कराएंगे। श्री शारदा माता सेवा समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पिता स्वर्गीय पारसनाथ सिंह, माता स्वर्गीय सुमित्रा सिंह तथा पूर्वजों की स्मृति एवं जन कल्याण के लिए श्री राम कथा एवं ज्ञान यज्ञ का आयोजन पिछले 4 सालों से चलाया जा रहा है। चौदह मार्च को हवन प्रसाद के साथ कथा और ज्ञानयज्ञ की पूर्णाहुति होगी। पुजारी लीला दास ने कहा कि यज्ञ कर्म से आदमी तो स्वयं फल पाता ही है क्षेत्र का भी कल्याण करता है। विभाग प्रचारक दीनानाथ जी ने कहा कि यज्ञ कराना सब के भाग्य में नहीं होता है, जब जीवन का पुण्य कर्म उदित होता है तो ऐसे धार्मिक आयोजन होते हैं।कलश शोभायात्रा में रीता सिंह, राजेश कुमार सिंह, प्रेमभूषण सिंह, मनोज कुमार श्रीवास्तव, दिवाकर सिंह, कंचन सिंह, धर्मेंद्र कुमार सिंह, पूजा सिंह, प्रशांत कुमार सिंह, सुशांत एवं शशांक सिंह, बालकरण, संत लीला दास, रवि शंकर मिश्र मनोज सिंह वीसाल सिंह ,संदीप सिंह ,सहित भारी संख्या में शामिल रहे।



