Azamgarh News: सेवा, समर्पण और संकल्प की रोशनी: एएनएम प्रशिक्षण केंद्र में लैम्प लाइटिंग व शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

सेवा, समर्पण और संकल्प की रोशनी: एएनएम प्रशिक्षण केंद्र में लैम्प लाइटिंग व शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

आजमगढ़ जनपद के एएनएम प्रशिक्षण केंद्र में सत्र 2025-26 के प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं के लिए लैम्प लाइटिंग (दीपशिखा ग्रहण) एवं शपथ ग्रहण समारोह अत्यंत गरिमामय और भावनात्मक माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम ने नर्सिंग सेवा की पवित्रता, जिम्मेदारी और मानवता के प्रति समर्पण का सजीव संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा एवं एडिशनल सीएमओ डॉ. उमाशरण पांडेय द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर महिला चिकित्सालय के मुख्य अधीक्षक डॉ. विनय यादव, डीसीपीएम विपिन बिहारी पाठक सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि नर्सिंग सेवा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची सेवा का माध्यम है। उन्होंने कहा कि दीपशिखा ग्रहण का यह प्रतीक प्रशिक्षुओं को कर्तव्यनिष्ठा, करुणा और समर्पण के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से अपेक्षा की कि वे मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और पूर्ण निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं को नर्सिंग सेवा की शपथ दिलाई गई। इस शपथ के माध्यम से उन्हें सेवा, अनुशासन और समर्पण के मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। वार्षिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया।
प्रथम वर्ष: संजू यादव (प्रथम), रूपा गौतम (द्वितीय), गरिमा सिंह व साधना (संयुक्त तृतीय)
द्वितीय वर्ष: चारू यादव (प्रथम), शशि राव (द्वितीय), अंजू यादव (तृतीय)
बेस्ट स्टूडेंट ऑफ द ईयर: गरिमा यादव
इन छात्राओं की सफलता ने अन्य प्रशिक्षुओं को भी प्रेरित किया। कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” पर आधारित नृत्य, “अनेकता में एकता” की समूह प्रस्तुति तथा आकर्षक कठपुतली नृत्य ने सामाजिक संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन एएनएम प्रशिक्षण केंद्र की प्रधानाचार्य प्रियंका यादव द्वारा किया गया। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए नर्सिंग प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला और सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह आयोजन न केवल एक औपचारिक कार्यक्रम रहा, बल्कि सेवा, संवेदना और समर्पण की भावना को नई पीढ़ी के दिलों में प्रज्वलित करने वाला प्रेरणादायी अवसर बन गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button