अतरौलिया । अस्पताल के सामने अवैध मेडिकल स्टोरों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, छापेमारी से मचा हड़कंप
Atraulia. The administration took major action against illegal medical stores in front of the hospital, causing a stir.

अतरौलिया । अस्पताल के सामने अवैध मेडिकल स्टोरों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, छापेमारी से मचा हड़कंप
जयलाल सिंह 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय के सामने अवैध रूप से संचालित मेडिकल स्टोरों पर बुधवार सुबह प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। जिलाधिकारी आजमगढ़ के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय टीम की इस कार्रवाई से क्षेत्र के दवा विक्रेताओं में हड़कंप मच गया।
सुबह करीब 9 बजे उपजिलाधिकारी बूढ़नपुर अभय राज पांडे के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी कौस्तुभ त्रिपाठी और एसीएमओ डॉ. उमा शरण की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों की गाड़ियों को देखते ही कई दुकानदार शटर गिराकर मौके से फरार हो गए। टीम ने मौके पर खुली मिली तीन गुमटियों की जांच की, जहां से भारी मात्रा में अवैध रूप से बेची जा रही दवाइयां बरामद हुईं। बरामद दवाओं को टीम ने तत्काल कब्जे में लेकर सील कर दिया और ड्रग इंस्पेक्टर को सूचित कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू करा दी गई है।
एसडीएम अभय राज पांडे ने बताया कि अस्पताल के सामने बिना लाइसेंस दवाओं की बिक्री की शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर यह औचक छापेमारी की गई। जांच में जिन गुमटियों में दवाइयां मिली हैं, उन्हें जब्त कर लिया गया है और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि बंद पड़ी अन्य दुकानों की भी जांच कराई जाएगी।
वहीं, सीओ कौस्तुभ त्रिपाठी ने बताया कि छापेमारी के दौरान फरार हुए दुकानदारों की पहचान की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसीएमओ डॉ. उमा शरण ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देश पर अवैध ड्रग स्टोरों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। मौके से बरामद दवाओं को सील कर सुरक्षित रखा गया है और संबंधित विभाग को सूचना दे दी गई है। जांच के बाद दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी के दौरान थाना अध्यक्ष देवेन्द्र नाथ दुबे भारी पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे। प्रशासन की इस सख्ती से अवैध दवा कारोबारियों में भय का माहौल व्याप्त है।


