Azamgarh News: रक्तदान महाभियान के जरिए मानवता की सेवा, सैकड़ों लोगों ने किया सहभाग

आजमगढ़ बलरामपुर पटवध से बबलू राय
रक्तदान महाभियान के जरिए मानवता की सेवा, सैकड़ों लोगों ने किया सहभाग
आजमगढ़ जनपद में सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए आर्यमगढ़ दुर्गा पूजा महासमिति की पहल पर रविवार को जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस महाभियान में युवाओं, महिलाओं एवं समिति के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानव सेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नन्हकू राम वर्मा, डॉ. पूनम तिवारी, अशोक अग्रवाल, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष रजनीश श्रीवास्तव, नीरज अग्रवाल एवं डॉ. अलका सिंह ने रामदरबार के चित्र पर पुष्प अर्पित कर व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान अतिथियों ने रक्तदान को “महादान” बताते हुए इसे जरूरतमंदों के जीवन बचाने का सर्वोत्तम माध्यम बताया।
समिति के अध्यक्ष अरविंद मोदनवाल के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में सुबह से ही रक्तदाताओं की लंबी कतार लगी रही। आयोजकों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य आपात स्थिति में मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना और आमजन में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
अरविंद मोदनवाल ने कहा कि रक्तदान न केवल किसी की जान बचाता है, बल्कि यह स्वास्थ्य की दृष्टि से भी लाभकारी होता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समिति आगे भी इस तरह के जनकल्याणकारी कार्य करती रहेगी।
ब्लड बैंक के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से अस्पताल में रक्त की उपलब्धता बनी रहती है, जिससे गंभीर मरीजों व दुर्घटना पीड़ितों को समय पर सहायता मिलती है।
कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. नन्हकू राम वर्मा, डॉ. पूनम तिवारी, अशोक अग्रवाल एवं सुभाष पांडे समेत अन्य गणमान्य अतिथियों को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर दीनानाथ सिंह, आशीष गुप्ता (भाजपा), शिखा पाण्डेय, चंदन सिंह, डॉ. अनूप, गौरव रघुवंशी, ऋषिकेश गुप्ता, डॉ. अनुतोष वत्सल, हिमांशु राज, मिथुन निषाद, हरेंद्र मौर्या, आशीष यादव, सूरज निषाद, सागर सेठ, गौतम बरनवाल, विमल निषाद एवं आकाशदीप सिन्हा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।



