Azamgarh News: जनपद में 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के व्यक्तियों का LASI सर्वे शीघ्र प्रारंभ—सहयोग की अपील

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
जनपद में 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के व्यक्तियों का LASI सर्वे शीघ्र प्रारंभ—सहयोग की अपील
आजमगढ़ जनपद में भारत सरकार के निर्देशानुसार Longitudinal Ageing Study in India (LASI) अर्थात भारत में बढ़ती आयु पर दीर्घकालिक अध्ययन का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जा रहा है। यह सर्वे 45 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के व्यक्तियों की स्वास्थ्य, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति के व्यापक आकलन हेतु संचालित किया जाएगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. एन.आर. वर्मा ने अवगत कराया कि इस सर्वे का उद्देश्य उक्त आयु वर्ग के व्यक्तियों की वास्तविक स्थिति को समझना है, ताकि बढ़ती आयु के साथ उत्पन्न होने वाली समस्याओं जैसे उच्च रक्तचाप, मधुमेह, हृदय रोग, कमजोरी एवं मानसिक तनाव आदि के संबंध में सटीक जानकारी प्राप्त की जा सके। साथ ही यह भी जाना जाएगा कि लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं, पारिवारिक सहयोग एवं आर्थिक सहायता किस स्तर पर उपलब्ध हो रही है। उन्होंने बताया कि इस सर्वे से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार द्वारा बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने, नई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित करने तथा अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों की सुविधाओं में सुधार हेतु प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
यह सर्वे भारत सरकार द्वारा नामित संस्था International Institute for Population Sciences (IIPS), मुंबई के निर्देशन में कराया जाएगा, जिसके अंतर्गत नामित एजेंसी द्वारा घर-घर जाकर सर्वेक्षण किया जाएगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि सर्वे टीम को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराते हुए सहयोग प्रदान करें, ताकि यह महत्वपूर्ण सर्वे सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सर्वे के दौरान एकत्र की गई सभी सूचनाएं पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी।



