आयुक्त ने विभिन्न विभागों की समीक्षा कर योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के दिए निर्देश ​

आंगनबाड़ी केंद्र, सहयोग विलेज एवं अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने का दिया निर्देश

रांची। दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडलीय आयुक्त श्री मनोज कुमार ने खूँटी जिला का दौरा किया। परिषदन खूँटी में उपायुक्त श्री सौरभ कुमार भुवानिया एवं पुलिस अधीक्षक श्री ऋषभ गर्ग ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा आयुक्त को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
अपने इस दौरे में उन्होंने उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, झारखंड अंतर्गत राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद् (NSCM), कोलकाता द्वारा उपलब्ध कराए गए भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी के तहत मोबाइल साइंस एग्जीबिशन वैन को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडलीय आयुक्त श्री मनोज कुमार ने उपायुक्त श्री सौरभ कुमार भुवानिया एवं पुलिस अधीक्षक श्री ऋषभ गर्ग के साथ समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह प्रदर्शनी 02 मई से 21 मई 2026 तक खूँटी जिले के चयनित 09 विद्यालयों में भ्रमण करेगी। वैन में “केमिस्ट्री एंड लाइफ विथ फोकस ऑन वॉटर” विषय पर आधारित प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों को वैज्ञानिक जानकारी दी जाएगी। मौके पर आयुक्त के सचिव अलोक कुमार,उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिसके पश्चात आयुक्त द्वारा खूँटी समाहरणालय सभागार में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक कर योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। मनरेगा की समीक्षा करते हुए उन्होंने 100 कार्य दिवस रोजगार सृजन सुनिश्चित करने, बिरसा हरित ग्राम योजना, बिरसा सिंचाई कूप निर्माण, वीर शहीद पोटो हो खेल योजना एवं मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना का बेहतर संचालन करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित प्रधानमंत्री आवास एवं अबुआ आवास योजनाओं को शीघ्र पूर्ण कराने को कहा गया। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का आवश्यकता अनुसार जीर्णोद्धार कराने, मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने, मेनू अनुसार बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने तथा स्कूली छात्रों को समय पर छात्रवृत्ति, पुस्तक, पोशाक एवं साइकिल वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पंचायत भवनों का बेहतर संचालन सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया। पेयजल से संबंधित मामलों की समीक्षा के क्रम में आयुक्त ने विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में खराब चापाकलों को अविलंब मरम्मत कराया जाए। उन्होंने कहा कि खूँटी जिले में कुपोषण एक गंभीर समस्या है, इसे जड़ से समाप्त करने की दिशा में प्रभावी कार्य करने की आवश्यकता है। एमटीसी केंद्रों का बेहतर संचालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

अफीम की खेती को गंभीर समस्या बताते हुए आयुक्त ने पुलिस विभाग एवं संबंधित विभागों को स्कूलों एवं कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने तथा अफीम की खेती के विरुद्ध अभियान चलाकर इसके विनष्टीकरण हेतु कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयुक्त ने प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पर्यटकों के लिए शौचालय एवं पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने, पहुंच पथ को ठीक कराने पर भी बल दिया गया। राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने दाखिल-खारिज मामलों का समयबद्ध निष्पादन, लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण एवं अन्य लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया।

पंचायतों में बनाए जा रहे खेल मैदानों की समीक्षा के क्रम में उन्होंने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में कार्य करने की आवश्यकता है। आपूर्ति विभाग की समीक्षा के दौरान नियमित राशन वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्य सुनिश्चित करने तथा आपसी समन्वय के साथ उत्तरदायित्वपूर्ण तरीके से कार्य करने का निर्देश दिया। उपायुक्त श्री सौरभ कुमार भुवानिया ने आयुक्त को आश्वस्त किया कि बैठक में प्राप्त सभी निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सभी संबंधित पदाधिकारियों द्वारा सुनिश्चित किया जाएगा। अपने दौरे के क्रम में आयुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्र कालामाटी एवं कदमा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एएनसी टेबल, बेड एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। पोषण वाटिका में पौष्टिक साग-सब्जियों की खेती करने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति एवं साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई। उन्होंने मेनू अनुसार बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने एवं पठन-पाठन व्यवस्था को और सुदृढ़ करने का निर्देश दिया।

इसके पश्चात आयुक्त ने खूँटी प्रखंड अंतर्गत डुगडुगीया स्थित सहयोग विलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने बाल गृह परिसर के रसोई घर, भंडार गृह, भोजनालय, मनोरंजन कक्ष एवं स्पेशल केयर कक्ष सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बच्चों को समय पर पौष्टिक एवं संतुलित भोजन उपलब्ध कराने तथा खाद्य सामग्री का उचित भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य जांच को लेकर स्वास्थ्य विभाग को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं अंचल कार्यालय खूँटी के निरीक्षण के क्रम में उन्होंने आमजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। दाखिल-खारिज, प्रमाण पत्र एवं अन्य मामलों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर करने को कहा गया। इस दौरान उन्होंने उपस्थिति पंजी एवं अन्य अभिलेखों की समीक्षा कर अंचल अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण में आयुक्त के सचिव अलोक कुमार,अनुमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता सहित विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button