AZAMGARH News:उपचार के दौरान महिला की मौत, क्लिनिक सील, आरोपी हिरासत में
Azamgarh news: Woman dies during treatment, clinic sealed, accused in custody

आजमगढ़, बरदह (08 मई 2026): थाना बरदह क्षेत्र में एक महिला की उपचार के दौरान मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि संबंधित क्लिनिक को सील कर दिया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खम्हौली निवासी सुरेंद्र बिन्द ने थाना बरदह में तहरीर देकर आरोप लगाया कि 07 मई की शाम लगभग 6 बजे उनकी 32 वर्षीय पत्नी की तबीयत खराब होने पर उसे मुक्तिपुर स्थित एक निजी क्लिनिक में उपचार के लिए ले जाया गया। यह क्लिनिक चन्द्रसेन यादव द्वारा संचालित बताया गया है।आरोप है कि उपचार के दौरान महिला की हालत में सुधार नहीं हुआ और समय पर उचित इलाज या रेफर न किए जाने के कारण उसकी मौत हो गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मु0अ0सं0 159/2026, धारा 105 भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग भी सक्रिय हुआ और मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर संबंधित क्लिनिक को सील कर दिया गया। वहीं, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया।पुलिस ने आरोपी चन्द्रसेन यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



