Azamgarh news:आंधी-तूफान में धराशायी हुई आरसी सेंटर की बाउंड्री वॉल, घटिया निर्माण का आरोप
Azamgarh News: RC Center's Boundary Wall Collapses in Storm; Allegations of Substandard Construction

बरदह/आजमगढ़:बरदह क्षेत्र में तेज आंधी और बारिश के दौरान आरसी सेंटर (कूड़ा घर) की बाउंड्री वॉल गिर जाने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया तथा कार्य मानक के विपरीत कराया गया है।ग्रामीणों का कहना है कि बाउंड्री वॉल में सफेद बालू और कमजोर सामग्री का इस्तेमाल किया गया। इतना ही नहीं, दीवार पर सही तरीके से प्लास्टर तक नहीं कराया गया था, जिसके कारण हल्की आंधी और बारिश में ही दीवार धराशायी हो गई। लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में सचिव और प्रधान की लापरवाही के चलते सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है।स्थानीय लोगों के अनुसार आरसी सेंटर परिसर में गंदगी का अंबार लगा रहता है और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था भी नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि दीवार कमजोर होने की शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।अब दीवार गिरने के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा दोबारा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने की मांग की है।



