Ranchi News: 23 मई को सभी मतदान केंद्रों पर सभी अनमैप्ड मतदाताओं की सूची प्रकाशित की जाएगी: के रवि कुमार
विशेष संवाददाता
रांची। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री के रवि कुमार ने कहा है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) – चरण III के तहत झारखंड राज्य के लिए भी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है। राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण हेतु तैयारी पूर्व से ही निर्धारित है। श्री के रवि कुमार ने कहा कि इस क्रम में आगामी 23 मई 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर सभी अनमैप्ड मतदाताओं की सूची प्रकाशित की जाएगी इस सूची में उनके बीएलओ के नाम और नंबर भी छपे होंगे। जिससे मतदाता अपनी मैपिंग के लिए अपने बीएलओ (BLO) से संपर्क कर सकें। उन्होंने कहा कि अनमैप्ड मतदाताओं की सूची की एक प्रति बीएलओ को भी दी जाएगी, ताकि वे ASDD सूची (Absent, Shifted, Dead, Duplicate) को अंतिम रूप दे सकें, साथ ही शेष अनमैप्ड मतदाता गणना (Enumeration) फॉर्म के साथ संलग्न किए जाने वाले अपने दस्तावेजों को तैयार कर सकें ताकि घोषणा पत्र के साथ उन्हें प्रस्तुत किया जा सके।
श्री के. रवि कुमार ने कहा कि एक भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से छुटे नहीं इसे लक्ष्य बनाकर कार्य किया जा रहा है। राज्य में प्रत्येक घरों तक उनके मतदान केंद्र क्षेत्र की बीएलओ द्वारा घर-घर विजिट कर मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने राज्य के सभी पात्र नागरिकों से आग्रह किया है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के क्रम में आपका सहयोग अपेक्षित है।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण हेतु अर्हता तिथि 01 अक्टूबर 2026 को निर्धारित करते हुए कार्यक्रम संसुचित किया गया है। तैयारी, प्रशिक्षण एवं मुद्रण 20.06.2026 से 29.06.2026 तक की जानी है। बीएलओ (BLO) द्वारा घर-घर विजिट कर मतदाताओं का सत्यापन 30.06.2026 से 29.07.2026 तक किया जाना है। मतदान केंद्रों का युक्तिकरण भी 29.07.2026 तक किया जाना है। मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन 05.08.2026 को किया जाएगा। इसके उपरांत दावे और आपत्तियां दर्ज करने की अवधि 05.08.2026 से 04.09.2026 तक तय की गई है। नोटिस फेज तथा दावा व आपत्तियों के निस्तारण की अवधि 05.08.2026 से 03.10.2026 तक है एवं मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 07.10.2026 को किया जाएगा ।
विदित हो कि झारखंड में 12.05.2026 तक मतदाताओं की कुल संख्या 2,64,89,777 हैं। SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) के कार्य में संलग्न बीएलओ (BLOs) की वर्तमान संख्या 29,571 है एवं विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए (BLAs) की अद्यतन संख्या 21,644 है।



