Ranchi News: झारखंड सरकार के उद्योग विभाग ने राज्य के आर्थिक विकास का विजन किया प्रस्तुत

झारखंड और कर्नाटक के बीच व्यापारिक सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित

✍️ संजय पांडेय
रांची। झारखंड और कर्नाटक के बीच व्यापार, निवेश और औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं को लेकर शुक्रवार को चैंबर भवन में Federation of Jharkhand Chamber of Commerce and Industries तथा Ballari District Chamber of Commerce and Industry के संयुक्त तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में झारखंड सरकार के उद्योग सचिव अरवा राजकमल तथा उद्योग निदेशक विशाल सागर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में झारखंड और कर्नाटक के उद्योगपतियों एवं व्यापारिक प्रतिनिधियों के बीच व्यापारिक विचारों, निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक सहयोग तथा कारोबार विस्तार पर विस्तृत चर्चा हुई। दोनों राज्यों के प्रतिनिधियों ने पारस्परिक समन्वय के माध्यम से भविष्य में औद्योगिक विकास को नई दिशा देने पर जोर दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत में चैंबर के महासचिव रोहित अग्रवाल ने बल्लारी चैंबर के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि यह बैठक उद्योग, निवेश, पर्यटन और व्यापारिक सहयोग के क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि झारखंड और कर्नाटक के उद्यमियों के बीच सीधा संवाद व्यापारिक साझेदारी को नई गति देगा।

झारखंड चैंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कर्नाटक से आए प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि दोनों राज्यों में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड तेजी से औद्योगिक विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। राज्य की टेक्सटाइल नीति निवेशकों के लिए आकर्षक है और शीघ्र ही नई औद्योगिक नीति लागू होने जा रही है, जो निवेशकों के लिए स्वर्णिम अवसर साबित होगी। उन्होंने बताया कि झारखंड लिथियम, मैंगनीज और बॉक्साइट सहित अनेक खनिज संपदाओं से समृद्ध है। राज्य बिजली उत्पादन के मामले में आत्मनिर्भर है और यहां कुशल मानव संसाधन की कोई कमी नहीं है।

उद्योग निदेशक विशाल सागर ने कर्नाटक के उद्यमियों को झारखंड में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि इस वर्ष पहली बार झारखंड ने World Economic Forum, दावोस में भाग लिया, जहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में गए प्रतिनिधिमंडल में झारखंड चैंबर भी शामिल था। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने United Kingdom का दौरा कर राज्य में निवेश की संभावनाओं को भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण, पर्यटन और कृषि क्षेत्र में व्यापक निवेश अवसर उपलब्ध हैं और उद्योग विभाग निवेशकों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए तत्पर है।

उद्योग सचिव अरवा राजकमल ने कहा कि झारखंड औद्योगिक दृष्टि से अत्यंत समृद्ध राज्य है और देश के औद्योगिक विकास में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक का Ballari जिला खनन, विनिर्माण और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में अग्रणी है तथा दोनों राज्यों के बीच परस्पर सीखने और सहयोग की असीम संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य के समग्र विकास के लिए दूरदर्शी सोच रखते हैं। खनन से लेकर उच्च स्तरीय औद्योगिक समाधान तक संपूर्ण वैल्यू चेन विकसित करने, कृषि और खाद्य प्रसंस्करण में महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा इको-टूरिज्म, क्रिटिकल मिनरल्स, टेक्सटाइल एवं रेडीमेड गारमेंट, फूड प्रोसेसिंग और सुपर फूड्स क्षेत्रों में व्यापक संभावनाओं पर राज्य सरकार विशेष ध्यान दे रही है।

बल्लारी जिला चैंबर के अध्यक्ष अव्वारु मंजूनाथ ने झारखंड के उद्यमियों को कर्नाटक में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने Bengaluru में आयोजित होने वाले एमएसएमई कॉन्क्लेव में भाग लेने के लिए झारखंड चैंबर को आमंत्रण दिया।

बैठक के दौरान दोनों राज्यों के उद्योगपतियों एवं व्यापारियों ने अपने-अपने व्यवसायों का परिचय दिया और संभावित साझेदारियों पर विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम के अंत में बल्लारी चैंबर द्वारा उद्योग सचिव एवं उद्योग निदेशक को सम्मानित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button