Palamu News: अस्पताल का उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
विशेष संवाददाता
पलामू। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने हुसैनाबाद अनुमंडल कार्यालय एवं अनुमंडलीय अस्पताल का औचक निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय संचालन, जनसुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं एवं साफ-सफाई व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सबसे पहले उपायुक्त अनुमंडल कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न शाखाओं एवं कक्षों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजस्व शाखा, निर्वाचन शाखा, नजारत, रिकॉर्ड रूम, जन शिकायत कक्ष, दाखिल-खारिज एवं म्यूटेशन से संबंधित अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने लंबित मामलों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, अभिलेख संधारण, फाइलों के रख-रखाव एवं आमजनों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की भी समीक्षा की।उपायुक्त ने कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी की जांच करते हुए समय पर कार्यालय आने एवं कार्य संस्कृति में सुधार लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आम लोगों को पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन का अनुभव होना चाहिए।
इसके पश्चात उपायुक्त अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने अस्पताल के एक-एक वार्ड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, पुरुष वार्ड, महिला वार्ड, शिशु वार्ड, प्रसूति वार्ड, ऑपरेशन थिएटर, लेबर रूम, कुपोषण उपचार केंद्र (MTC), टीकाकरण कक्ष, ओपीडी, दवाखाना, पैथोलॉजी कक्ष, एक्स-रे कक्ष, एनआरसी, कोल्ड चेन रूम एवं अस्पताल परिसर की व्यवस्था का जायजा लिया।इस दौरान उपायुक्त ने इमरजेंसी वार्ड में इलाजरत मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद स्थापित कर अस्पताल से मिलने वाली सुविधाओं, चिकित्सकों की उपलब्धता, दवा वितरण एवं इलाज व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से अस्पताल में किसी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल जानकारी देने को कहा।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं की स्थिति, दवा वितरण प्रणाली एवं स्टॉक रजिस्टर की जांच की। दवाखाना में स्टॉक रजिस्टर अद्यतन नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित स्टोर कीपर को कड़ी फटकार लगाते हुए सभी अभिलेखों को नियमित रूप से संधारित करने का निर्देश दिया।उन्होंने कोल्ड स्टोरेज में रखे वैक्सीन की स्थिति एवं तापमान मेंटेनेंस की जानकारी लेते हुए कहा कि टीकाकरण व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लेबर रूम में प्रतिदिन होने वाली डिलीवरी, प्रसूता महिलाओं को उपलब्ध सुविधाएं एवं नवजात शिशुओं की देखभाल व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।उपायुक्त ने अस्पताल परिसर एवं शौचालयों की साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, अस्पताल उपाधीक्षक, संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।



