Palamu News: सांडर्स तालाब अतिक्रमण को लेकर भाकपा ने दी आंदोलन की चेतावनी
विशेष संवाददाता
मेदिनीनगर । शहर के ऐतिहासिक सांडर्स तालाब को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के जिला सचिव सह डालटनगंज विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रुचिर कुमार तिवारी ने तालाब क्षेत्र का निरीक्षण कर इसकी बदहाल स्थिति और लगातार हो रहे अतिक्रमण पर गहरी चिंता जताई है। निरीक्षण के बाद प्रेस वार्ता कर उन्होंने प्रशासन, नगर निगम और जनप्रतिनिधियों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। भाकपा नेता ने कहा कि कभी करीब 8.49 एकड़ क्षेत्र में फैला सांडर्स तालाब अब भू-माफियाओं और अवैध निर्माण के कारण सिकुड़कर महज 4 से 5 एकड़ में रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि तालाब परिसर में दोबारा मछली मार्केट निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है, जबकि पूर्व में कम्युनिस्ट पार्टी के विरोध के बाद तत्कालीन उपायुक्त ने इस निर्माण पर रोक लगाई थी। उन्होंने कहा कि निगम चुनाव के बाद विवादित स्थल पर फिर से तेजी से निर्माण कराया जा रहा है। इससे तालाब पर आश्रित लगभग 150 नाविक और मछुआरा परिवारों की आजीविका संकट में पड़ गई है। पीड़ित परिवारों द्वारा उपायुक्त, नगर आयुक्त और प्रमंडलीय आयुक्त को ज्ञापन सौंपने के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने पर भी उन्होंने सवाल उठाए कहा कि भाजपा और झामुमो-कांग्रेस गठबंधन के स्थानीय जनप्रतिनिधि इस गंभीर मुद्दे पर पूरी तरह मौन हैं। रुचिर तिवारी ने नगर निगम के अधिकारियों पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि तालाब की जमीन भरने की खुली छूट आखिर किसके इशारे पर दी जा रही है यह जांच का विषय है। उन्होंने यह भी कहा कि तालाब के समीप स्थित कुछ निर्माण कार्यों से निकलने वाला मलबा और कचरा सीधे तालाब में डाला जा रहा है, जिससे इसका अस्तित्व खतरे में पड़ गया है। यदि तालाब को अतिक्रमण मुक्त नहीं कराया गया तो पार्टी आम जनता के साथ सड़क पर उतरकर बड़ा जन-आंदोलन करेगी।



