Azamgarh News: अमन-चैन और भाईचारे का पैगाम बनी निजामाबाद थाने की पीस कमेटी बैठक”

अमन-चैन और भाईचारे का पैगाम बनी निजामाबाद थाने की पीस कमेटी बैठक”
प्रेम प्रकाश दुबे की रिपोर्ट
निजामाबाद आजमगढ़ ।निजामाबाद थाना परिसर में आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर पीस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने की, जिसमें थाना क्षेत्र के समस्त ग्राम प्रधान, वरिष्ठ नागरिक, समाजसेवी एवं गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान थाना अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि बकरीद का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। सभी लोग त्योहार को मिलजुल कर मनाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन करें।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कुर्बानी केवल पूर्व निर्धारित एवं परंपरागत स्थानों पर ही की जाएगी। किसी भी व्यक्ति द्वारा कुर्बानी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का प्रयास किया गया तो उसके खिलाफ कठोर एवं गंभीर कार्रवाई की जाएगी।
थाना अध्यक्ष ने स्वच्छता एवं पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए निर्देश दिया कि जहां कुर्बानी का अपशिष्ट मलबा हो, वहां कम से कम 8 फीट गहरा गड्ढा खोदकर उसमें अपशिष्ट को डालकर मिट्टी से पूरी तरह ढक दिया जाए, ताकि किसी प्रकार की गंदगी या संक्रमण न फैले। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी नाले या सार्वजनिक स्थान पर रक्त का प्रवाह नहीं होना चाहिए।
बैठक में नमाज को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन की ओर से कहा गया कि बकरीद की नमाज किसी सड़क, चौराहे अथवा सार्वजनिक मार्ग पर न अदा की जाए, ताकि यातायात व्यवस्था एवं आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक का माहौल पूरी तरह सौहार्दपूर्ण रहा, जहां सभी ग्राम प्रधानों, वरिष्ठ जनों और समाजसेवियों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए बकरीद का त्योहार प्रेम और भाईचारे के साथ मनाया जाएगा।
इस अवसर पर उपनिरीक्षक चंद्रजीत यादव,उपनिरीक्षक सुरेश यादव,उपनिरीक्षक मयंक उपाध्याय,का⁰ कृष्ण कुमार,क्षेत्र के समस्त सम्मानित ग्राम प्रधान, वरिष्ठ नागरिक, समाजसेवी एवं थाना क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



