Azamgarh News: आजमगढ़ में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, पति पर मारपीट का आरोप

आजमगढ़ में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, पति पर मारपीट का आरोप
आजमगढ़ : फूलपुर तहसील क्षेत्र के अहरौला थाना अंतर्गत निजामपुर गांव में शुक्रवार रात 35 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला ने घर में रखा कीटनाशक पदार्थ सेवन कर लिया था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं मायके पक्ष ने पति पर शराब के नशे में मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पवई थाना क्षेत्र के अंडिका गांव निवासी विद्यार्थी की शादी कई वर्ष पूर्व निजामपुर गांव निवासी धर्मेंद्र के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि धर्मेंद्र शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी के साथ मारपीट की। विवाद के बाद विवाहिता मानसिक रूप से आहत हो गई और उसने घर में रखा कीटनाशक पदार्थ खा लिया।
कीटनाशक सेवन के कुछ देर बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी। परिजन उसे तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। विवाहिता की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद गांव में भी शोक और तनाव का माहौल है। मृतका अपने पीछे दो पुत्रियां और एक पुत्र छोड़ गई है। मां की असमय मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार परिवार में अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती थी। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। सूचना मिलते ही अहरौला पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम और श्वान दल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मौके से कुछ संदिग्ध सामग्री भी बरामद की गई है, जिसकी जांच कराई जा रही है।
इस संबंध में शनिवार दोपहर करीब एक बजे अहरौला थानाध्यक्ष मंतोष सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला कीटनाशक सेवन से मौत का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे, जिसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



