Jaunpur news:ऑपरेशन वज्रपात” में जौनपुर पुलिस का बड़ा प्रहार, सोशल मीडिया के 56 गैंग पुलिस के रडार पर

423 गैंग लीडर व सदस्य निगरानी में, 10 मुकदमे दर्ज, 8 गिरफ्तार; दबंगई और हथियारों के प्रदर्शन पर कड़ी कार्रवाई

ब्यूरो प्रमुख जौनपुर

जौनपुर। “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत पुलिस ने सोशल मीडिया पर भय, आतंक और अराजकता फैलाने वाले गैंगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पांच दिवसीय अभियान के दौरान पुलिस ने जिले में सक्रिय ऐसे 56 गैंगों को चिन्हित किया है, जिनके 423 गैंग लीडर और सदस्य पुलिस की निगरानी में हैं।

पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में अब तक 10 मुकदमे दर्ज किए गए हैं तथा 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा 44 व्यक्तियों के विरुद्ध गुंडा एक्ट, 126 के खिलाफ 110G की कार्रवाई, 6 पर गैंगस्टर एक्ट तथा 90 लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार ये गैंग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रील, फोटो और वीडियो अपलोड कर दबंगई का प्रदर्शन करते थे। कई मामलों में अवैध हथियारों के प्रदर्शन और आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की भी शिकायतें सामने आई हैं, जिससे युवाओं के प्रभावित होने की आशंका थी।

अभियान के दौरान महाकाल गैंग, अविरल गैंग, कर्रा गैंग, सूटर गैंग-505, कट्टा गैंग-606 समेत कुल 56 गैंग पुलिस के निशाने पर रहे। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से अपराध और अराजकता फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

जौनपुर पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों और सोशल मीडिया पर अपराध का महिमामंडन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button