Azamgarh News:आयुष्मान गोल्डेन कार्ड अभियान में शिथिलता पर सीएमओ सख्त

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

आयुष्मान गोल्डेन कार्ड अभियान में शिथिलता पर सीएमओ सख्त

विशेष अभियान में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत संचालित गोल्डेन कार्ड निर्माण अभियान की समीक्षा के क्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा द्वारा कराए गए आंतरिक सर्वे एवं क्षेत्रीय फीडबैक में यह तथ्य सामने आया है कि जनपद के कुछ क्षेत्रों में अभियान अपेक्षित गति से संचालित नहीं हो रहा है। इस पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना पात्र परिवारों को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण योजना है। ऐसे में प्रत्येक पात्र लाभार्थी का गोल्डेन कार्ड बनवाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष अभियान के अंतर्गत नियमित कैंप आयोजित किए जाएं तथा लंबित ग्राम पंचायतों और अधिक पेंडेंसी वाले क्षेत्रों में विशेष प्रयास कर पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ा जाए।

डॉ. एन. आर. वर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वर्तमान में संचालित विशेष आयुष्मान गोल्डेन कार्ड अभियान में यदि किसी क्षेत्र की प्रगति एवं उपलब्धि संतोषजनक नहीं पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण अभियान में किसी भी प्रकार की शिथिलता, उदासीनता अथवा लापरवाही किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने बताया कि अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा की जा रही है तथा आगामी बैठकों में सभी क्षेत्रों की उपलब्धियों का मूल्यांकन किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए अधिक से अधिक पात्र परिवारों के गोल्डेन कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे ।

 

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button