Azamgarh News:पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों को जीवंत कर रहीं डॉ. पूनम सिंह, 14 दिनों से लगातार कर रहीं प्रतिमा की सेवा

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों को जीवंत कर रहीं डॉ. पूनम सिंह, 14 दिनों से लगातार कर रहीं प्रतिमा की सेवा
आजमगढ़। भारतीय जनसंघ के प्रख्यात विचारक एवं एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को आत्मसात करते हुए भाजपा की जिला उपाध्यक्ष एवं मनोनीत सभासद नगर पालिका परिषद आजमगढ़ डॉ. पूनम सिंह पिछले 14 दिनों से लगातार उनकी प्रतिमा की साफ-सफाई और माल्यार्पण कर श्रद्धा अर्पित कर रही हैं। उनका यह अभियान केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पण की भावना का प्रतीक बन गया है।
प्रतिदिन प्रातःकाल डॉ. पूनम सिंह स्वयं पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर उसकी साफ-सफाई करती हैं और पुष्पमालाएं अर्पित कर उन्हें नमन करती हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय और राष्ट्र सेवा का जो मार्ग दिखाया, वह आज भी करोड़ों कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और उनके आदर्शों को जीवन में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
डॉ. पूनम सिंह ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाने का संकल्प पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने दिया था। आज देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उन्हीं के विचारों को आगे बढ़ाते हुए गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों के उत्थान के लिए कार्य कर रहा है।
अखिल क्षत्रिय महासभा महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष के रूप में भी सक्रिय भूमिका निभा रहीं डॉ. पूनम सिंह का यह सेवा कार्य लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने उनके इस समर्पण और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को ऐसे कार्यों से समाज को सकारात्मक संदेश देने का प्रयास करना चाहिए।
लगातार 14 दिनों से चल रहे इस अभियान ने यह संदेश दिया है कि महापुरुषों के विचार केवल पुस्तकों तक सीमित न रहें, बल्कि उनके आदर्शों को व्यवहार में उतारकर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान दिया जाए। डॉ. पूनम सिंह की यह पहल युवा पीढ़ी को भी अपने महापुरुषों के प्रति सम्मान और राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित कर रही है।



