Azamgarh News:प्रेम विवाह से नाराज पिता ने किया पुत्री का श्राद्ध कर्म, 13वीं में कराया ब्रह्मभोज, क्षेत्र में चर्चा का विषय

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
प्रेम विवाह से नाराज पिता ने किया पुत्री का श्राद्ध कर्म, 13वीं में कराया ब्रह्मभोज, क्षेत्र में चर्चा का विषय
आजमगढ़ जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र के मंझरिया गांव में एक अनोखा मामला सामने आया है, जो पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। गांव निवासी एक युवती ने अपने परिवार की इच्छा के विरुद्ध पड़ोस के ही एक युवक से प्रेम विवाह कर लिया। इससे नाराज युवती के पिता ने सामाजिक और पारिवारिक विरोध स्वरूप अपनी पुत्री को मृत मानते हुए उसका प्रतीकात्मक श्राद्ध कर्म संपन्न कर दिया।
जानकारी के अनुसार मंझरिया गांव निवासी श्याम सुंदर भास्कर की पुत्री का गांव के समीप रहने वाले एक युवक से प्रेम संबंध था। परिजनों द्वारा काफी समझाने-बुझाने के बावजूद युवती अपने निर्णय पर अड़ी रही और उसने युवक के साथ विवाह कर लिया। इससे आहत पिता ने पुत्री से सभी संबंध समाप्त करने की घोषणा करते हुए उसका पुतला दहन कराया तथा हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार श्राद्ध कर्म संपन्न किया।
इतना ही नहीं, उन्होंने तेरहवीं संस्कार के अवसर पर ब्रह्मभोज का आयोजन कर लोगों को भोजन भी कराया। युवती के पिता का कहना है कि उन्होंने यह कदम समाज में एक संदेश देने के उद्देश्य से उठाया है, ताकि अन्य युवतियां और अभिभावक इससे सीख ले सकें। उनका कहना है कि परिवार की इच्छा के विरुद्ध ऐसे कदम उठाने वालों के प्रति अभिभावकों को कड़ा रुख अपनाना चाहिए।
घटना के बाद गांव समेत आसपास के क्षेत्रों में इस विषय को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कोई इसे पिता की पीड़ा बता रहा है तो कोई इसे सामाजिक परंपराओं से जोड़कर देख रहा है। फिलहाल यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।



