Azamgarh News:स्वामी सहजानंद जी की पुण्यतिथि पर रक्तदान महायज्ञ, ब्रह्मर्षि वेलफेयर एसोसिएशन ने मानवता की सेवा का दिया संदेश
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
स्वामी सहजानंद जी की पुण्यतिथि पर रक्तदान महायज्ञ, ब्रह्मर्षि वेलफेयर एसोसिएशन ने मानवता की सेवा का दिया संदेश
आजमगढ़ जनपद के महान साहित्यकार, इतिहासकार एवं समाज सुधारक स्वामी सहजानंद जी की पुण्यतिथि के अवसर पर गुरुवार को ब्रह्मर्षि वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा शाकुंतलम मैरिज हॉल, करतालपुर बाईपास, आजमगढ़ में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। प्रातः 9:30 बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक चले इस शिविर में समाज के 50 से 52 युवाओं एवं गणमान्य लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना था। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि किसी भी व्यक्ति को रक्त के अभाव में जीवन संकट का सामना न करना पड़े, इसी संकल्प के साथ यह शिविर आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि किसी अनजान व्यक्ति को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है।
संगठन के राष्ट्रीय महासचिव जितेंद्र राय उर्फ बबलू ने कहा कि रक्तदान महादान है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए। राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. दिवाकर राय ने कहा कि समाज की एकता और सेवा भावना ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। जिलाध्यक्ष विवेक सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष उमेश चंद्र राय एवं संगठन के संरक्षक अशोक कुमार राय ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सामाजिक सहयोग और मानव कल्याण के लिए ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
पदाधिकारियों ने बताया कि गत वर्ष भी चंद्रमा ऋषि के स्थान पर इसी प्रकार का रक्तदान शिविर आयोजित किया गया था, जिसे समाज के लोगों का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ था। इस वर्ष भी लोगों में रक्तदान को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
रक्तदाताओं के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखते हुए संगठन की ओर से नाश्ते एवं जलपान की व्यवस्था की गई थी। रक्तदान करने वाले सभी लोगों को फ्रूटी, रसगुल्ला तथा फल वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। पूरे आयोजन के दौरान सेवा, सहयोग और सामाजिक समर्पण का भाव देखने को मिला।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा समाज हित के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर रासबिहारी राय, संतोष राय (जिला मंत्री), अभिषेक राय, अरविंद राय, सत्यम राय, प्रभाकर राय, प्रदेश महामंत्री नवीन राय, रोहित राय, प्रवीण राय (जिला महामंत्री), विपिन राय, आदित्य राय, ऋषभ राय, तुषार राय, हेमंत राय, सूर्यभान राय, लालगंज जिला अध्यक्ष आलोक राय, संदीप राय सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे और रक्तदान अभियान को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



