Azamgarh News:मां कालिका मंदिर में शतचंडी महायज्ञ से भक्तिमय हुआ मानपुर, वैदिक मंत्रों से गूंजा परिसर
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
सोमवार को विधि-विधान से हुआ हवन-पूजन, मंगलवार को होगा विशाल भंडारा
आजमगढ़ जनपद के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा मानपुर स्थित मां कालिका मंदिर इन दिनों धार्मिक आस्था और भक्ति के रंग में रंगा हुआ है। समस्त ग्रामवासियों एवं श्रद्धालुओं के सामूहिक सहयोग से मंदिर परिसर में भव्य शतचंडी महायज्ञ का आयोजन किया गया है। इस धार्मिक अनुष्ठान के चलते पूरे गांव में उत्साह और आध्यात्मिक उल्लास का माहौल बना हुआ है।
मंदिर के पुजारी हरिश्चंद्र पांडेय एवं श्रीकांत पांडेय की प्रेरणा से आयोजित महायज्ञ में सोमवार को विधि-विधान के साथ हवन-पूजन संपन्न हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर मां कालिका से परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। प्रतिदिन सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक वैदिक मंत्रोच्चार, यज्ञ-पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं। मंत्रों की गूंज और मां के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय बना हुआ है।
आयोजन के क्रम में मंगलवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने समस्त क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से मंदिर परिसर में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।
मानपुर में आयोजित यह धार्मिक कार्यक्रम आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे की मिसाल भी पेश कर रहा है। महायज्ञ में ग्रामीणों की सहभागिता से गांव का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया है।



