Azamgarh News:विजय रथ पर सवार आदित्य विक्रम सिंह ने बढ़ाया आजमगढ़ का मान

विजय रथ पर सवार आदित्य विक्रम सिंह ने बढ़ाया आजमगढ़ का मान

49वीं स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में दो स्वर्ण, एक रजत व एक कांस्य पदक जीतकर रचा इतिहास

जहानागंज (आजमगढ़)। प्रतिभा, परिश्रम और दृढ़ संकल्प का शानदार उदाहरण प्रस्तुत करते हुए आजमगढ़ जिले के होनहार निशानेबाज आदित्य विक्रम सिंह ने नई दिल्ली में आयोजित 49वीं स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण, एक रजत एवं एक कांस्य पदक सहित कुल चार पदक जीतकर जिले, प्रदेश और अपने परिवार का नाम गौरवान्वित किया है।

 

प्रतियोगिता में आदित्य ने अपने सटीक निशाने और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर स्वर्णिम सफलता हासिल करते हुए यह सिद्ध कर दिया कि मेहनत और लगन के बल पर कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उनकी इस उपलब्धि से पूरे आजमगढ़ जिले में हर्ष और गर्व का माहौल है।

 

अपनी सफलता पर आदित्य विक्रम सिंह ने इसका श्रेय अपने माता-पिता, गुरु एवं कोच श्री सत्यम सिंह तथा अपने सभी शुभचिंतकों को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार और गुरुजनों का मार्गदर्शन ही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा है, जिसके बल पर वह लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।

 

आदित्य के पिता श्री रणजीत सिंह, जो शिक्षा क्षेत्र जहानागंज के प्राथमिक विद्यालय किशुनपुर में प्रधानाध्यापक हैं, ने पुत्र की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे परिवार, क्षेत्र और जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने आदित्य को आगामी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी इसी प्रकार सफलता प्राप्त करने की शुभकामनाएँ दीं।

 

आदित्य की इस शानदार सफलता पर जहानागंज ब्लॉक के शिक्षकों एवं सामाजिक लोगों ने उन्हें बधाई दी। प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अनिल सिंह, महामंत्री शिवप्रकाश चौबे, डॉ. विवेक सिंह, विकास सिंह, यशवंत सिंह, भूपेन्द्र मिश्रा, सागर सरोज सहित अनेक शिक्षकों ने आदित्य का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

गौरतलब है कि आदित्य विक्रम सिंह का यह पहला बड़ा प्रदर्शन नहीं है। इससे पूर्व उन्होंने नई दिल्ली में आयोजित 50वीं राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक तथा जयपुर (राजस्थान) में आयोजित 48वीं राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में दो स्वर्ण एवं एक कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। लगातार राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर रहे आदित्य भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ा रहे हैं।

 

आदित्य विक्रम सिंह मूल रूप से हुसेपुर पिपरी, कप्तानगंज आजमगढ़ के निवासी हैं। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और लोग उन्हें जिले का गौरव बताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दे रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button