Azamgarh news :शादी समारोह में भोजन करने की बात को लेकर हुए विवाद में लाठी-डंडों से हमला कर युवक की हत्या करने का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल / गिरफ्तार 

शादी समारोह में भोजन करने की बात को लेकर हुए विवाद में लाठी-डंडों से हमला कर युवक की हत्या करने का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल / गिरफ्तार 

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

जनपद में अपराध एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में थाना मेंहनाजपुर पुलिस टीम को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई। दिनांक 08/09.07.2026 की रात्रि थाना मेंहनाजपुर पुलिस एवं वांछित अभियुक्त के मध्य पुलिस मुठभेड़ हुई। दिनांक 07/08.07.2026 की रात्रि शादी समारोह में भोजन करने की बात को लेकर हुए विवाद में लाठी-डंडों से हमला कर युवक की हत्या के मामले में वांछित मुख्य अभियुक्त अजीत यादव उर्फ भन्टा को थाना मेंहनाजपुर पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। अभियुक्त के विरुद्ध हत्या/आपराधिक मानव वध, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, मारपीट, बलवा सहित अन्य गंभीर अपराधों के कुल 07 अभियोग पंजीकृत हैं।

दिनांक 08.07.2026 को वादिनी श्रीमती चन्द्रकला पत्नी स्व. सुनील राजभर निवासी ग्राम सराय खुरसू थाना देवगाँव जनपद आजमगढ़ द्वारा थाना मेंहनाजपुर पर लिखित तहरीर दी गई कि दिनांक 07.07.2026 को ग्राम डण्डवल में आयोजित शादी समारोह में भोजन करने की बात को लेकर हुए विवाद में कुछ लोगों ने उनके पुत्र प्रितोष राजभर एवं ओटू राजभर के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। मारपीट के दौरान प्रितोष राजभर के सिर में गंभीर चोटें आईं तथा उपचार हेतु ले जाते समय उसकी मृत्यु हो गई। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना मेंहनाजपुर पर मु0अ0सं0 65/2026 धारा 105/115(2) बीएनएस पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त अजीत यादव उर्फ भन्टा का नाम प्रकाश में आया तथा उसकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम लगातार प्रयासरत थी।

दिनांक 09.07.2026 को रात्रि लगभग 01:40 बजे, थाना मेंहनाजपुर क्षेत्रान्तर्गत करसड़ा नहर पुलिया के पास पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर अभियुक्त भागने लगा, किन्तु उसकी मोटरसाइकिल सड़क किनारे फिसलकर गिर गई। स्वयं को घिरता देख अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई नियंत्रित जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त अजीत यादव उर्फ भन्टा के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल अभियुक्त को मौके पर गिरफ्तार कर उपचार हेतु जिला चिकित्सालय, आजमगढ़ भेजा गया। घटना स्थल पर फील्ड यूनिट द्वारा आवश्यक साक्ष्य संकलित कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

पूछताछ में अभियुक्त अजीत यादव उर्फ भन्टा ने बताया कि वह अपने भाई आशीष यादव एवं अन्य साथियों के साथ ग्राम डण्डवल में आयोजित शादी समारोह में गया था। भोजन करने की बात को लेकर प्रितोष राजभर एवं ओटू राजभर से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर सभी ने मिलकर दोनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें प्रितोष राजभर के सिर में गंभीर चोट लगी। घटना के बाद सभी लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस द्वारा गिरफ्तारी का प्रयास किए जाने पर उसने बचने के उद्देश्य से पुलिस टीम पर फायरिंग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button