Azamgarh News:सरकारी बाहा पर दबंगों का कब्जा, प्रशासन ने खुदवाया, दबंगों ने रातोंरात फिर पाट दिया; किसानों में दहशत

आजमगढ़

सरकारी बाहा पर दबंगों का कब्जा, प्रशासन ने खुदवाया, दबंगों ने रातोंरात फिर पाट दिया; किसानों में दहशत

आजमगढ़ जनपद के गंभीरपुर थाना अंतर्गत बसिरहां गांव में सरकारी बाहा (जल निकासी मार्ग) को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। पीड़ित किसानों ने आरोप लगाया है कि प्रशासन द्वारा सरकारी बाहा की खुदाई कराए जाने के बावजूद दबंगों ने उसे दोबारा पाट दिया और शिकायत करने पर जान से मारने व मारपीट की धमकियां दे रहे हैं।

बसिरहां गांव निवासी सुभाष राय और सुरेंद्र राय, पुत्र स्वर्गीय रामचंद्र राय ने बताया कि गांव के रामसमुझ राय (पुत्र स्व. शंभू राय), देवेंद्र राय उर्फ जुगनू राय तथा योगेश राय पर सरकारी बाहा संख्या 269 को दबंगई के बल पर पाटने का आरोप है।

पीड़ितों के अनुसार, 5 जुलाई को सरकारी बाहा पाटे जाने की शिकायत उन्होंने तहसील प्रशासन से की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम निजामाबाद ने तत्काल नायब तहसीलदार को पुलिस बल के साथ मौके पर भेजकर सरकारी बाहा की खुदाई कराने के निर्देश दिए। आदेश के अनुपालन में गंभीरपुर पुलिस चौकी की मौजूदगी में तहसील प्रशासन ने बाहा की खुदाई कराकर जल निकासी का रास्ता बहाल कराया।

पीड़ितों का आरोप है कि इसके बावजूद 12 जुलाई की रात आरोपितों ने दोबारा बाहा को पाट दिया। इतना ही नहीं, शिकायत वापस लेने का दबाव बनाते हुए सुरेंद्र राय को मारपीट और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां भी दी जा रही हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि यह सरकारी बाहा आसपास के खेतों में जलभराव रोकने और अतिरिक्त पानी की निकासी का प्रमुख माध्यम है। इसके बंद होने से बरसात के मौसम में खेतों में पानी भरने की आशंका बढ़ गई है, जिससे किसानों की फसल प्रभावित हो सकती है।

पीड़ितों ने प्रशासन से सरकारी भूमि और बाहा को अतिक्रमण से मुक्त कराने, दोबारा खुदाई कराने तथा आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button