Azamgarh News:कमिश्नर सुरक्षा ड्यूटी से लौट रहे आरक्षी की सड़क हादसे में मौत, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
कमिश्नर सुरक्षा ड्यूटी से लौट रहे आरक्षी की सड़क हादसे में मौत, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
आजमगढ़। कमिश्नर आजमगढ़ की सुरक्षा ड्यूटी पूरी कर पुलिस लाइन लौट रहे आरक्षी बलवंत सिंह यादव की बुधवार देर रात सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसा सिधारी थाना क्षेत्र के बेलईशा पुल के पास आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर हुआ, जहां एक अनुबंधित बस की टक्कर से उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
दिवंगत आरक्षी बलवंत सिंह यादव जनपद चंदौली के निवासी थे और वर्ष 2022 में उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती हुए थे। वर्तमान में वह कमिश्नर आजमगढ़ की सुरक्षा गार्ड ड्यूटी में तैनात थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए परिजनों को अवगत कराया।
गुरुवार को पुलिस लाइन, आजमगढ़ में दिवंगत आरक्षी को पूरे राजकीय सम्मान एवं गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन सहित अन्य अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।



