Azamgarh News:स्कूली बच्चों की सुरक्षा को मिली नई मजबूती: बिलरियागंज सीएचसी पर 45 चालक-परिचालकों का स्वास्थ्य व नेत्र परीक्षण
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को मिली नई मजबूती: बिलरियागंज सीएचसी पर 45 चालक-परिचालकों का स्वास्थ्य व नेत्र परीक्षण
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज में स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिलरियागंज में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) आजमगढ़ के नेतृत्व में विशेष स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विद्यालयों के 45 स्कूल बस चालक एवं परिचालकों का चिकित्सकीय परीक्षण किया गया।
इस दौरान सीएचसी के चिकित्सकों की टीम ने सभी चालक-परिचालकों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तचाप, दृष्टि (नेत्र) परीक्षण तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच की। चिकित्सकों ने वाहन चालकों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, पर्याप्त आराम करने तथा वाहन चलाते समय पूरी सतर्कता बरतने की सलाह भी दी।
शिविर में आलिया पब्लिक स्कूल, मदरसा जामिया तूल फला, विद्यान्तर पब्लिक स्कूल, जैश पब्लिक स्कूल सहित अन्य विद्यालयों के चालक एवं परिचालकों ने भाग लिया। जांच के दौरान सभी को सुरक्षित एवं जिम्मेदार ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया गया और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने कहा कि स्कूल वाहन केवल एक परिवहन का साधन नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य और अभिभावकों के विश्वास की जिम्मेदारी भी हैं। ऐसे में चालक और परिचालकों का शारीरिक रूप से स्वस्थ एवं पूरी तरह फिट होना अत्यंत आवश्यक है। समय-समय पर इस प्रकार के स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि बच्चों की यात्रा हर दृष्टि से सुरक्षित बनी रहे।
इस अवसर पर चिकित्सकों ने भी कहा कि चालक का स्वस्थ शरीर और तेज दृष्टि ही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। सभी चालकों से अपील की गई कि वे नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं और किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें।
यह पहल स्कूली बच्चों की सुरक्षा के प्रति परिवहन विभाग और स्वास्थ्य विभाग की संवेदनशीलता एवं समन्वित प्रयास का एक सराहनीय उदाहरण बनी, जिसकी विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों ने भी सराहना की।



