Azamgarh news :अन्य दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ, निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार करें आवेदन

अन्य दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ, निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार करें आवेदन

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, आजमगढ़ चेतन सिंह ने अवगत कराया है कि निदेशक, पिछड़ा वर्ग कल्याण, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत अन्य दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना (कक्षा 11 एवं 12 को छोड़कर) के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। योजना के अंतर्गत सभी वर्गों के पात्र छात्र-छात्राओं को शासन द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार आवेदन करना होगा।

उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शिक्षण संस्थानों द्वारा मास्टर डाटा तैयार करने एवं डिजिटल हस्ताक्षर सहित अपलोड करने की प्रक्रिया 22 जुलाई से 15 अगस्त, 2026 तक चलेगी। विश्वविद्यालयों एवं एफिलिएटिंग एजेंसियों द्वारा शुल्क आदि का सत्यापन 23 जुलाई से 30 अगस्त, 2026 तक तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा सत्यापन 25 जुलाई से 14 सितम्बर, 2026 तक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नवीनीकरण के लिए छात्र-छात्राएं 15 सितम्बर से 15 अक्टूबर, 2026 तक तथा नवीन आवेदन 15 सितम्बर से 31 अक्टूबर, 2026 तक ऑनलाइन कर सकेंगे। ऑनलाइन आवेदन के उपरांत छात्र-छात्राओं को आवेदन पत्र का प्रिंटआउट आवश्यक अभिलेखों सहित संबंधित शिक्षण संस्थान में 16 सितम्बर से 4 नवम्बर, 2026 तक जमा करना होगा।

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने बताया कि शिक्षण संस्थानों द्वारा ऑनलाइन आवेदन पत्रों का सत्यापन एवं अग्रसारण 16 सितम्बर से 10 नवम्बर, 2026 तक किया जाएगा। इसके उपरांत विश्वविद्यालयों एवं एफिलिएटिंग एजेंसियों द्वारा वास्तविक छात्र-छात्राओं का सत्यापन तथा अपात्र एवं अपूर्ण आवेदनों को लॉक करने की कार्यवाही 16 सितम्बर से 25 नवम्बर, 2026 तक संपन्न होगी। जनपदीय समिति द्वारा डाटा लॉक करने की प्रक्रिया 6 दिसम्बर से 15 दिसम्बर, 2026 तक तथा पात्र छात्र-छात्राओं के खातों में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि का अंतरण 31 दिसम्बर, 2026 तक किया जाएगा।

उन्होंने जनपद के समस्त शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों, छात्रवृत्ति नोडल अधिकारियों एवं पात्र छात्र-छात्राओं से अपील किया है कि शासन द्वारा निर्धारित समय-सारिणी का अनुपालन करते हुए समय से आवेदन एवं सत्यापन की समस्त कार्यवाही पूर्ण कराएं, जिससे किसी भी पात्र छात्र-छात्रा को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के लाभ से वंचित न होना पड़े। साथ ही सभी शिक्षण संस्थान छात्रहित में उक्त समय-सारिणी का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button