Azamgarh news :पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति (अल्पसंख्यक) हेतु ऑनलाइन आवेदन की समय-सारिणी जारी
पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति (अल्पसंख्यक) हेतु ऑनलाइन आवेदन की समय-सारिणी जारी

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया है कि निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति योजनाओं के अंतर्गत अल्पसंख्यक वर्ग के छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति प्रदान किए जाने हेतु ऑनलाइन आवेदन एवं अन्य प्रक्रियाओं की समय-सारिणी जारी कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि मास्टर डाटा से संबंधित कार्यों के अंतर्गत विद्यालयों द्वारा मास्टर डाटा तैयार करने की कार्यवाही 22 जुलाई से 05 अगस्त, 2026 तक, जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा सत्यापन 23 जुलाई से 09 अगस्त, 2026 तक तथा अल्पसंख्यक वर्ग के निजी क्षेत्र के विद्यालयों का एनएसपी पोर्टल पर पंजीकरण 23 जुलाई से 10 अगस्त, 2026 तक किया जाएगा।
पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति (नवीनीकरण) के लिए छात्र-छात्राएं 11 अगस्त से 25 अगस्त, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। शिक्षण संस्थानों द्वारा आवेदन सत्यापन एवं अग्रसारण की कार्यवाही 30 अगस्त, 2026 तक पूर्ण की जाएगी। इसके उपरांत जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा सत्यापन, एनआईसी द्वारा स्क्रूटनी तथा आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संपन्न होगी तथा पात्र विद्यार्थियों के खातों में छात्रवृत्ति की धनराशि हस्तांतरित की जाएगी।
इसी प्रकार नवीन छात्रवृत्ति के लिए छात्र-छात्राएं 11 अगस्त से 21 सितम्बर, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। 30 सितम्बर 2026 तक छात्रों द्वारा फाइनल प्रिण्ट निकाला जायेगा। 12 अगस्त से 05 अक्टूबर 2026 तक हार्ड कापी छात्र/छात्राओं द्वारा वांछित संलग्नकों सहित विद्यालय में जमा किया जायेगा। आवेदन पत्रों का संस्थागत सत्यापन एवं अग्रसारण 13 अगस्त से 15 अक्टूबर, 2026 तक किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा सत्यापन, एनआईसी द्वारा स्क्रूटनी, संदेहास्पद डाटा का परीक्षण तथा अन्य औपचारिकताएं शासन द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूर्ण की जाएंगी।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने जनपद के समस्त शिक्षण संस्थानों एवं अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र छात्र-छात्राओं से अपील किया है कि वे निर्धारित समय-सारिणी का पालन करते हुए ऑनलाइन आवेदन एवं संबंधित समस्त औपचारिकताएं समय से पूर्ण करें, ताकि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना का लाभ समयबद्ध रूप से प्राप्त हो सके।



