Azamgarh news :05 अगस्त को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित होगा जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव
05 अगस्त को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित होगा जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव

आधुनिक डेयरी प्रबंधन, पशु स्वास्थ्य, चारा प्रबंधन एवं विभागीय योजनाओं की मिलेगी विस्तृत जानकारी
आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
जनपद के दुग्ध उत्पादकों, पशुपालकों एवं कृषकों को डेयरी व्यवसाय के क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों, वैज्ञानिक प्रबंधन एवं शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दुग्धशाला विकास विभाग एवं पशुपालन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 05 अगस्त 2026 को 10 बजे कलेक्ट्रेट सभागार, आजमगढ़ में जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक एवं नोडल अधिकारी, नन्द बाबा दुग्ध मिशन, आजमगढ़ ने बताया कि कॉन्क्लेव का उद्देश्य डेयरी व्यवसाय से जुड़े कृषकों एवं पशुपालकों को आधुनिक डेयरी प्रबंधन, गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पादन, पशुपालन में नवीन तकनीकों तथा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक करना है, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके और डेयरी व्यवसाय को अधिक लाभकारी बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में विशेषज्ञों द्वारा आधुनिक डेयरी प्रबंधन, डेयरी प्रसंस्करण, संतुलित एवं वैज्ञानिक चारा प्रबंधन, पशु स्वास्थ्य एवं रोग नियंत्रण, स्वच्छ दुग्ध उत्पादन, दुग्ध मूल्य संवर्धन, तथा दुग्धशाला विकास विभाग एवं पशुपालन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी विशेषज्ञों द्वारा किया जाएगा।
कॉन्क्लेव के माध्यम से पशुपालकों को डेयरी व्यवसाय को वैज्ञानिक एवं व्यावसायिक रूप से संचालित करने, उत्पादकता बढ़ाने तथा शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा। कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ, डेयरी क्षेत्र से जुड़े प्रगतिशील कृषक एवं बड़ी संख्या में पशुपालकों की सहभागिता अपेक्षित है।
वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक एवं नोडल अधिकारी, नन्द बाबा दुग्ध मिशन, आजमगढ़ ने जनपद के समस्त कृषकों, पशुपालकों, दुग्ध उत्पादकों एवं इच्छुक नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में 05 अगस्त 2026 को 10 बजे कलेक्ट्रेट सभागार, आजमगढ़ में आयोजित जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव में प्रतिभाग करें तथा विशेषज्ञों द्वारा प्रदान की जाने वाली लाभकारी जानकारियों एवं विभागीय योजनाओं का लाभ उठाकर अपने डेयरी व्यवसाय को अधिक सुदृढ़ एवं लाभकारी बनाएं।



