जौनपुर:समरसेबुल के लिए खोदा गड्ढा बना मौत का कुंड, दो बच्चों की डूबने से दर्दनाक मौत
Jaunpur: A pit dug for Summersebul became a pool of death, two children died painfully due to drowning.

ब्यूरो प्रमुख जौनपुर
जौनपुर l 05 अगस्त। उत्तरप्रदेश के जौनपुर जिले में बरसठी थाना क्षेत्र के गारोपुर गांव में बुधवार शाम समरसेबुल पंप लगाने के लिए खोदे गए पानी भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जिले में बरसठी थाना के गारोपुर निवासी अच्छेलाल उर्फ पप्पू गौतम ने समरसेबुल पंप लगाने के लिए मंगलवार को बोरिंग कराई थी। बोरिंग के लिए खोदा गया गड्ढा खुला छोड़ दिया गया था, जिसमें पानी भर गया था। बुधवार शाम करीब पांच बजे गांव के छह वर्षीय शिवा बिंद पुत्र वीरेंद्र बिंद तथा आरव बिंद (8) पुत्र अनिल बिंद खेलते हुए उसी रास्ते से गुजर रहे थे, इसी दौरान दोनों बच्चे पानी भरे गड्ढे में गिर गए। काफी देर तक दोनों बच्चे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। घर से लगभग 100 मीटर दूर स्थित गड्ढे में खोजबीन के दौरान दोनों बच्चे पानी और दलदल में फंसे मिले। ग्रामीण तत्काल उन्हें उपचार के लिए कटवार बाजार ले गए, जहां से गंभीर हालत में सुरियावां के एक अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर बरसठी पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।



