Azamgarh News:मेंहनाजपुर-मेंहनगर में बिजली चोरी के खिलाफ चला जबरदस्त अभियान, पांच पर मुकदमा
आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय
मेंहनाजपुर-मेंहनगर में बिजली चोरी के खिलाफ चला जबरदस्त अभियान, पांच पर मुकदमा
आजमगढ़ जनपद में विद्युत चोरी पर अंकुश लगाने के लिए आजमगढ़ विजिलेंस टीम ने मेहनाजपुर एवं मेहनगर थाना क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व विजिलेंस टीम प्रभारी उपनिरीक्षक शिवनाथ सिंह ने किया। टीम में अवर अभियंता मनीष कुमार, महिला हेड कांस्टेबल निधि सिंह, कांस्टेबल सुनील कुमार यादव, सुमित कुमार एवं सुशील गौड़ शामिल रहे।
चेकिंग के दौरान टीम ने विभिन्न स्थानों पर विद्युत कनेक्शनों और आपूर्ति की जांच की। इस दौरान पांच लोग बिना वैध कनेक्शन के अवैध रूप से बिजली का उपभोग करते तथा बाईपास के जरिए बिजली चोरी करते हुए पकड़े गए। टीम की कार्रवाई के बाद संबंधित आरोपियों के विरुद्ध विद्युत चोरी के मामले में अभियोग पंजीकृत कराया गया।
वहीं, जांच के दौरान कुछ उपभोक्ता ऐसे भी पाए गए, जो अपने स्वीकृत विद्युत भार से अधिक बिजली का उपभोग कर रहे थे। ऐसे उपभोक्ताओं के संबंध में भार वृद्धि किए जाने के लिए रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभाग को भेजी गई।
विजिलेंस टीम की इस कार्रवाई से विद्युत चोरी करने वालों में हड़कंप मचा रहा। टीम ने उपभोक्ताओं को चेतावनी दी कि बिना वैध कनेक्शन बिजली का उपयोग अथवा कनेक्शन में बाईपास कर बिजली चोरी करना कानूनन अपराध है। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से वैध कनेक्शन लेने और स्वीकृत भार के अनुरूप ही बिजली का इस्तेमाल करने की अपील की।



