Azamgarh News:एकरा पब्लिक स्कूल की मिनी बस नहर में पलटी, चार बच्चे व शिक्षिका घायल

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
एकरा पब्लिक स्कूल की मिनी बस नहर में पलटी, चार बच्चे व शिक्षिका घायल
आजमगढ़ जनपद के सरायमीर थाना अंतर्गत नेमत नगर स्थित एकरा पब्लिक स्कूल की मिनी बस बुधवार दोपहर बच्चों को उनके घर पहुंचाने के दौरान सेंदूरी गांव के पास अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई। हादसे में चार छात्र और स्कूल की शिक्षिका जोया गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के समय बस में करीब 25 स्कूली बच्चे सवार थे। बस के नहर में पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर नहर में डूब रही बस से बच्चों को बाहर निकाला। सभी बच्चों के परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। घायल चारों बच्चों को उनके परिजन निजी अस्पताल लेकर गए, जहां उनका उपचार कराया गया।
बताया गया कि बुधवार को क्षेत्र के अधिकांश स्कूलों में अवकाश था, लेकिन एकरा पब्लिक स्कूल में पढ़ाई संचालित हो रही थी। दोपहर करीब ढाई बजे स्कूल की मिनी बस बच्चों को उनके घर पहुंचाने जा रही थी, तभी सेंदूरी गांव के पास यह हादसा हो गया। ग्रामीणों की तत्परता से बड़ी अनहोनी टल गई।
इस संबंध में एबीएसए/खंड शिक्षा अधिकारी मिर्जापुर बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यदि अवकाश के दिन विद्यालय खोला गया था तो इसकी जांच कराई जाएगी। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर विद्यालय के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।



