Azamgarh News:रक्षाबंधन पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं रहेंगी संचालित

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

रक्षाबंधन पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं रहेंगी संचालित

आजमगढ़। आगामी त्योहारों एवं रक्षाबंधन के मद्देनजर यात्रियों की बढ़ती आवाजाही, बाजारों में भीड़, सड़क दुर्घटनाओं और अन्य आकस्मिक घटनाओं की संभावना को देखते हुए जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को अलर्ट कर दिया गया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने सभी राजकीय चिकित्सालयों, जिला महिला एवं पुरुष चिकित्सालय, राजकीय मेडिकल कॉलेज चक्रपानपुर तथा सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं निर्बाध संचालित रखने के निर्देश दिए हैं।

सीएमओ ने चिकित्सा अधीक्षकों एवं प्रभारी चिकित्साधिकारियों को इमरजेंसी में चिकित्सकों, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ की रोस्टर के अनुसार उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है। सर्जन, ऑर्थोपेडिक एवं निश्चेतक विशेषज्ञों को भी आवश्यकता के अनुसार अलर्ट पर रखा जाएगा। सर्पदंश, खाद्य विषाक्तता, एलर्जी, जलने और सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित जीवनरक्षक दवाओं तथा एंटी-स्नेक वेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

त्योहारों के दौरान 108 एवं 102 एंबुलेंस सेवाओं को विशेष रूप से सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख मार्गों, हाईवे और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। सभी एंबुलेंस में ऑक्सीजन, लाइफ सपोर्ट सिस्टम और आवश्यक फर्स्ट-एड सामग्री की उपलब्धता एवं तकनीकी स्थिति की जांच के निर्देश भी दिए गए हैं।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अपने मोबाइल और संपर्क नंबर चालू रखें तथा किसी भी आकस्मिक घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों एवं जिला प्रशासन को दें।

उन्होंने जनपदवासियों से यातायात नियमों का पालन करने, दूषित खाद्य पदार्थों के सेवन से बचने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल 108/102 एंबुलेंस सेवा अथवा नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button