Azamgarh News:बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मजदूर की मौत, घर में मचा कोहराम

आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय
बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मजदूर की मौत, घर में मचा कोहराम
आजमगढ़। जनपद के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के घियहां गांव में बुधवार शाम बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 42 वर्षीय मजदूर रामनाथ यादव की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में मातम छा गया। गुरुवार को दिल्ली में रह रहे स्वजन के गांव पहुंचने पर घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घियहां गांव निवासी रामनाथ यादव (42) पुत्र केदार यादव बुधवार शाम करीब पांच बजे खेत में खाद डालने के बाद घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि खेत के पास शौच के बाद पानी छूने के लिए वह गड्ढे के समीप पहुंचे थे। बारिश के कारण गड्ढे में काफी पानी भरा हुआ था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह मुंह के बल गड्ढे में गिर गए और गहरे पानी में डूब गए। कुछ देर बाद उधर से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर गड्ढे में पड़े रामनाथ पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भतीजे संजय यादव पुत्र शोभनाथ यादव ने पुलिस को घटना के संबंध में लिखित तहरीर दी है। परिजनों के अनुसार, रामनाथ यादव के परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। परिवार के कुछ सदस्य और मृतक की बेटी दिल्ली में रहते हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद वे गुरुवार को गांव पहुंचे। स्वजन के पहुंचते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के कारण क्षेत्र में कई स्थानों पर गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है। घटना के बाद ग्रामीणों ने ऐसे स्थानों पर सुरक्षा के इंतजाम किए जाने की आवश्यकता जताई है।



