अमेरिका-ईरान संघर्ष और तेज, रातभर कई ठिकानों पर अमेरिकी हमले; ईरान ने भी दिया जवाब
US-Iran conflict and sharp, overnight US attacks on multiple targets; Iran also responded
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंचता नजर आ रहा है। अमेरिकी सेना ने रातभर ईरान में कई ठिकानों को निशाना बनाकर बमबारी की। अमेरिका ने इन हमलों को ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की ओर से किए गए हालिया हमलों का जवाब बताया है।अमेरिका ने ईरान पर होर्मुज स्ट्रेट में कमर्शियल जहाजों को निशाना बनाने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया है। इसके बाद दोनों देशों के बीच सैन्य टकराव और बढ़ गया है।
शादी समारोह के दौरान मिसाइल हमला, बच्चे समेत चार की मौत
अमेरिकी हमलों के बीच दक्षिणी ईरान के सिरिक में एक मिसाइल की चपेट में एक घर आ गया। बताया जा रहा है कि जिस समय हमला हुआ, वहां शादी का जश्न चल रहा था।हमले में एक बच्चे समेत कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 50 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमले के बाद इलाके में मची अफरा-तफरी और नुकसान दिखाई दे रहा है।
ईरान ने भी शुरू की जवाबी कार्रवाई
अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय सरकारी मीडिया के मुताबिक, ईरान ने बहरीन, कुवैत और जॉर्डन में अमेरिकी हितों को निशाना बनाया है।ईरान पहले ही अमेरिका को कड़ी सजा देने की चेतावनी दे चुका था। ताजा घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है और संघर्ष के व्यापक रूप लेने की आशंका जताई जा रही है।
मोजतबा खामेनेई का अमेरिका को कड़ा संदेश
सीधे हमले दोबारा शुरू होने के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने भी अमेरिका को कड़ा संदेश दिया है। यह सैन्य टकराव फिर शुरू होने के बाद उनका पहला सार्वजनिक बयान बताया जा रहा है।उन्होंने कहा कि ईरान की सेना वॉशिंगटन को ऐसा सबक सिखाने के लिए तैयार है, जिसे अमेरिका लंबे समय तक याद रखेगा।
रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने दी बदले की चेतावनी
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के प्रवक्ता हुसैन मोहेबी ने भी अमेरिका को चेतावनी दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि वॉशिंगटन को अपने नए हमलों पर पछताना पड़ेगा।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि हमले करने वालों को इसकी कड़ी सजा भुगतनी होगी।
अमेरिका और ईरान के बीच लगातार हो रहे हमलों के बाद पूरे पश्चिम एशिया में तनाव गहरा गया है। अब दुनिया की नजर इस बात पर है कि दोनों देशों के बीच यह सैन्य टकराव किस दिशा में आगे बढ़ता है।



