Jabalpur news:पहली बारिश में उखड़ी सराफा बाजार की सड़क, व्यापारियों ने नगर निगम पर उठाए सवाल
सराफा बाजार की सड़क पहली बारिश में उखड़ी, व्यापारियों में आक्रोश
जबलपुर के जवाहरगंज वार्ड स्थित सुनहाई क्षेत्र में सराफा बाजार की मुख्य सड़क की बदहाली को लेकर व्यापारियों में आक्रोश है। सराफा एसोसिएशन के मंत्री के.के. सोनी ने आरोप लगाया कि कुछ समय पहले बनी सड़क पहली ही बारिश में पूरी तरह उखड़ गई और एक साल भी नहीं चल पाई, जबकि यह क्षेत्र शहर के प्रमुख थोक एवं सराफा बाजार का हिस्सा होने के कारण दिनभर भारी ट्रैफिक से जूझता है। उन्होंने कहा कि नवरात्रि और गणेश उत्सव जैसे बड़े त्योहार नजदीक हैं, लेकिन सड़क की मरम्मत और निर्माण की गुणवत्ता को लेकर जिम्मेदारों की ओर से कोई ठोस पहल नहीं हो रही। अंशुल सोनी ने कहा कि सड़क की हालत के साथ-साथ ट्रैफिक व्यवस्था भी चरमरा गई है और बड़े-बड़े मंचों व फ्लेक्सों पर विकास के दावे किए जाते हैं, जबकि जमीनी तस्वीर इसके उलट है। सुनील सोनी ने भी सड़क की बदहाली, अव्यवस्थित यातायात और व्यापारियों-ग्राहकों को हो रही परेशानी पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और नगर निगम से तत्काल सड़क सुधार तथा वन-वे व्यवस्था लागू करने की मांग की। के.के. सोनी ने पार्षद रजनी साहू पर क्षेत्र की समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं देने का आरोप लगाते हुए कहा कि बंद स्ट्रीट लाइट, गंदगी, नालियों की सफाई और मच्छरों की समस्या को लेकर भी व्यापारियों को बार-बार शिकायत करनी पड़ती है। व्यापारियों का कहना है कि महापौर, पार्षद और विधायक सभी भाजपा से होने के बावजूद क्षेत्र की सड़क, प्रकाश और ट्रैफिक व्यवस्था बदहाल है तथा कई बार धरना-प्रदर्शन और बैठकों के बावजूद उन्हें केवल आश्वासन ही मिले हैं।स्लग:
जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट



